
जालौन के कदौरा थाना क्षेत्र से निकली बेतवा नदी में नहाने गए चार दोस्तों में से एक युवक की डूबने से मौत हो गई, जबकि तीन साथियों को ग्रामीणों और स्थानीय गोताखोरों की मदद से सकुशल बाहर निकाल लिया गया। जिस युवक की डूबने से मौत हुई है, उसकी पहचान शिवा (25 वर्ष) पुत्र करन, निवासी महमूद नगर, बड़ेगांव थाना कदौरा के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर शिवा अपने चार दोस्तों के साथ बेतवा नदी में नहाने के लिए पहुंचे थे। नदी के एक हिस्से में वे सभी गहराई तक चले गए, तभी अचानक शिवा गहरे पानी में फंस गया। उसके तीन साथी बाहर निकलने में कामयाब रहे और शोर मचाकर ग्रामीणों को बुलाया। सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को खबर दी।
कदौरा थाने के प्रभारी निरीक्षक प्रभात सिंह ने बताया कि उन्हें करीब चार बजे घटना की सूचना मिली। तुरंत पुलिस बल और गोताखोरों को मौके पर भेजा गया। ग्रामीणों और गोताखोरों की मदद से करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद युवक का शव पानी से बाहर निकाला गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
हादसे के बाद मृतक के घर में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोगों ने आरोप लगाया कि बेतवा नदी में अवैध खनन के चलते गहरे गड्ढे बन गए हैं, जो अब हादसों की वजह बन रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि अगर समय रहते खनन पर रोक लगाई जाती, तो आज युवक की जान नहीं जाती।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से नदी में हो रहे अवैध खनन पर तुरंत रोक लगाने और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और मृतक के परिजनों को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया है।
ग्रामीणों के मुताबिक, यह पहली बार नहीं है जब बेतवा नदी में इस तरह की दुर्घटना हुई हो, बीते वर्षों में भी ऐसे कई हादसे सामने आ चुके हैं, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है।
voice of india