Saturday , 17 January 2026

जब चलती कार अचानक बनी आग का गोला, 12 यात्री बाल-बाल बचे

– समाधि रोड पर मचा हड़कंप, बाधित रहा यातायात

जबलपुर । टीएफआरआई के सामने गौर–समाधि रोड पर मंगलवार की दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब ट्रॉपिकल फॉरेस्ट रिसर्च इंस्टीट्यूट (टीएफआरआई) के सामने चलती एक कार में अचानक आग लग गई। कार में कुल 12 लोग सवार थे, जो बुकिंग के माध्यम से अपने एक परिचित के यहां जा रहे थे। अचानक हुई इस घटना से कुछ देर के लिए पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही कार समाधि रोड से गुजर रही थी, तभी उसके इंजन से अचानक धुआं निकलने लगा। चालक और यात्रियों को कुछ समझ में आता, उससे पहले ही आग की लपटें दिखाई देने लगीं। धुआं देखते ही यात्रियों ने शोर मचाया, जिसके बाद चालक ने तुरंत वाहन को सड़क किनारे रोक दिया।

आग तेजी से वैन के अगले हिस्से में फैलने लगी। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए वैन में सवार सभी 12 लोग तेजी और सूझबूझ के साथ वाहन से बाहर निकल आए। यात्रियों ने बताया कि आग लगते ही सभी घबरा गए थे, लेकिन समय रहते वाहन से उतर जाने के कारण सभी की जान बच गई। कुछ सेकंड की भी देरी गंभीर हादसे का कारण बन सकती थी।

फायर ब्रिगेड ने पाया आग पर काबू …
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का कार्य शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया, हालांकि तब तक वैन काफी हद तक जल चुकी थी। आग बुझाने के दौरान आसपास के लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट या इंजन में आई तकनीकी खराबी माना जा रहा है। फिलहाल वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर लिया गया। वैन चालक और यात्रियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस आग लगने के सटीक कारणों की जांच कर रही है।

यातायात प्रभावित, बाद में हुआ सामान्य …
हादसे के चलते समाधि रोड पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से निकाला और स्थिति को नियंत्रित किया। आग बुझने और जली हुई वैन को हटाए जाने के बाद यातायात पुनः सुचारु हो सका।

Check Also

अब टूटे चैंबर नहीं, अधिवक्ताओं के लिए हाईराइज बिल्डिंग में होगी चैंबर की व्यवस्थाः मुख्यमंत्री

यूपी में न्यायिक व्यवस्था से जुड़े कार्य पूरा होने में देर नहीं लगतीः मुख्यमंत्री मुख्य …