
–लुटेरी दुल्हन के गिरोह का पर्दाफाश, खाकी के हत्थे चढ़े चार आरोपी
बिल्हौर, कानपुर। शादी के चौथे रोज नशीला पदार्थ खिलाकर माल लूट ले जाने वाली दुल्हन के गिरोह का पर्दाफाश हो गया। इस कहानी के सभी किरदार झूठे मालूम हुए, यहां न तो कोई दुल्हन है और न ही कोई उसका रिश्तेदार। लूट का शिकार बनाने के लिए गिरोह के सदस्यों द्वारा इस तरह के हथकंडे अपनाए गए थे। पुलिस ने चार आरोपियों को पकड़ लिया। हालांकि अभी दुल्हन फरार है।
गत 30 अगस्त की रात बिल्हौर कोतवाली क्षेत्र के महाराणा प्रताप नगर निवासी महेश गुप्ता के पुत्र रमन के साथ शादी के झांसे में लूट की घटना को अंजाम दिया। यहां रात को नशीला पदार्थ देकर कथित दुल्हन नकदी व जेवर समेटकर फरार हो गई। जानकारी पर पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की। वहीं, बुधवार को पुलिस ने सफलता हासिल कर चौंकाने वाला खुलासा किया। कोतवाल अशोक कुमार सरोज ने बताया कि 3 महिला व 2 पुरुष सदस्यों के इस गिरोह में शादी की आड़ में लूट का शिकार किया जाता था। अलग–अलग क्षेत्र के रहने वाले सदस्य शादी न होने वाले व्यक्ति को निशाना बनाते थे, फिर उसकी जाति के मुताबिक महिला सदस्य के फर्जी दस्तावेज बनाए जाते थे और सदस्यों द्वारा उसके माता–पिता व परिजनों की भूमिका निभाकर शादी का स्वांग रचकर योजनाबद्ध तरीके से लूट का शिकार बनाया जाता था। पुलिस ने मऊ जनपद निवासी दुल्हन के पिता के पात्र महेंद्र नाथ, बहन की पात्र सोनी उर्फ निशा सोनकर व मां की पात्र राधिका उर्फ राधा समेत कन्नौज के मध्यस्त छोटे लाल उर्फ दिनेश को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। वहीं, लुटेरी दुल्हन की तलाश में पुलिस सक्रिय है।
voice of india