Sunday , 7 December 2025

एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट ने महिला को खरीदने वाले मुख्य आरोपित हरियाणा निवासी को किया गिरफ्तार

बांदा । उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में मानव तस्करी व बाल संरक्षण के तहत चलाए जा रहे विशेष अभियान में बांदा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) ने हरियाणा के उस मुख्य आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है, जिसने एक महिला को 1 लाख 38 हजार रुपए में खरीदकर जबरन विवाह किया था।

चित्रकूट जनपद की एक पीड़िता ने 22 नवम्बर को थाना AHTU बांदा में तहरीर देकर गंभीर आरोप लगाया था कि उसकी ही माता मुन्नी और भाई जयनारायण ने उसे 20 नवम्बर को बांदा लाकर एक अनजान व्यक्ति कृष्ण कुमार पुत्र शिवराम, निवासी वासवार, थाना हसनपुर, तहसील होडल, जिला पलवल (हरियाणा) को 1,38,000 रुपए में बेच दिया और जबरन शादी करा दी। जबकि पीड़िता पहले से ही शादीशुदा है।

पीड़िता के बयान, तकनीकी साक्ष्यों और भौतिक प्रमाणों के आधार पर AHTU ने तुरंत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस टीम लगातार आरोपितों की तलाश में जुटी हुई थी।

मंगलवार को मुखबिर से सूचना मिलने पर AHTU की टीम ने रेलवे स्टेशन ओवरब्रिज के पास से मुख्य आरोपित कृष्ण कुमार को गिरफ्तार कर लिया। शेष अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी और इस मानव तस्करी नेटवर्क की गहराई से जांच जारी है।

इस संबंध में सहायक पुलिस अधीक्षक मेंविस टॉक ने बताया कि चित्रकूट की एक युवती ने शिकायत की थी कि उसके सगे भाई व मां द्वारा मिलकर उसे हरियाणा के एक युवक के हाथों बेच दिया गया। शादीशुदा होने के बावजूद मेरी जबरन शादी करा दी गई। यह मामला संज्ञान में आते ही मुकदमा दर्ज कर मुख्य आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है।

Check Also

होमगार्ड जवानों को मिलेगी आयुष्मान कार्ड जैसी कैशलेस उपचार व्यवस्था : मुख्यमंत्री योगी

दुर्घटना में होमगार्ड जवान के आश्रितों को 35 से 40 लाख बीमा इमरजेंसी 112 सेवा …