
भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने विमेन्स एशिया कप 2026 के खिताबी मुकाबले में श्रीलंका को 72 रनों के बड़े अंतर से हराकर ट्रॉफी पर अपना कब्जा जमा लिया है। पूरे फाइनल मुकाबले में भारतीय खिलाड़ियों का दबदबा साफ नजर आया। पहले बल्लेबाजों ने मैदान पर रनों का अंबार लगाया और फिर गेंदबाजों के घातक स्पेल के आगे श्रीलंकाई बल्लेबाजी पूरी तरह ढह गई। इस शानदार जीत के साथ भारत ने एशियाई क्रिकेट में अपनी बादशाहत को एक बार फिर निर्विवाद रूप से साबित कर दिया है।
भारत ने 8वीं बार जीता खिताब, रचा नया इतिहास
भारतीय महिला टीम ने एशिया कप के इतिहास में अपना 8वां खिताब जीतकर नया कीर्तिमान रचा है। टीम इंडिया ने वनडे फॉर्मेट में 2004, 2005, 2006 और 2008 में चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया था। वहीं टी20 फॉर्मेट में भारत ने 2012, 2016, 2022 और अब 2026 में ट्रॉफी अपने नाम कर अपनी धाक जमाई है।
स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा के बीच 129 रनों की रिकॉर्ड साझेदारी
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम को सलामी जोड़ी ने आक्रामक शुरुआत दिलाई। स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने मैदान के चारों तरफ चौकों-छक्कों की बरसात करते हुए पहले विकेट के लिए 129 रनों की रिकॉर्ड साझेदारी की। शेफाली वर्मा ने आतिशी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए महज 39 गेंदों पर 9 चौके और 2 छक्कों की मदद से 68 रन ठोके। वहीं उपकप्तान स्मृति मंधाना ने भी 39 गेंदों पर 5 चौके और 3 गगनचुंबी छक्कों की मदद से 59 रनों की बेजोड़ पारी खेली।
मध्यक्रम लड़खड़ाया, ऋचा और कमालिनी ने पहुंचाया 183 तक
129 रन के कुल योग पर शेफाली का विकेट गिरते ही भारतीय पारी कुछ देर के लिए लड़खड़ा गई। एक समय 200 के पार दिख रहा स्कोर मध्यक्रम के बल्लेबाजों के सस्ते में लौटने से रुक गया। इसके बाद अंत के ओवरों में ऋचा घोष (17 रन) और नाबाद रहीं जी. कमालिनी (15 रन) की तेजतर्रार पारियों की बदौलत भारत ने निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 183 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया।
दीप्ति शर्मा और श्री चरणी की फिरकी में फंसी श्रीलंकाई टीम
184 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम की शुरुआत बेहद निराशाजनक रही। तेज गेंदबाज क्रांति गौड़ ने शुरुआती झटके देकर विपक्षी टीम को बैकफुट पर धकेल दिया। हालांकि इसके बाद कप्तान चामरी अट्टापट्टू और विश्मी गुणारत्ने ने अर्धशतकीय साझेदारी कर मैच में लौटने की कोशिश की, लेकिन दीप्ति शर्मा ने एक ही स्पेल में दोनों सेट बल्लेबाजों को पवेलियन भेजकर श्रीलंका की उम्मीदों को ध्वस्त कर दिया। इसके बाद स्पिनर श्री चरणी ने अपनी फिरकी का जादू दिखाते हुए हर्षिता समरविक्रमा और कविषा दिलहारी को आउट कर श्रीलंका का मध्यक्रम पूरी तरह बिखेर दिया। पूरी श्रीलंकाई टीम महज 111 रन पर ढेर हो गई और भारत ने 72 रनों से खिताबी मुकाबला जीत लिया।
भारतीय टीम की प्लेइंग इलेवन स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), भारती फुलमाली, ऋचा घोष (विकेटकीपर), जी. कमालिनी, दीप्ति शर्मा, प्रेमा रावत, श्री चरणी, क्रांति गौड़, नंदिनी शर्मा।
श्रीलंकाई टीम की प्लेइंग इलेवन चामरी अट्टापट्टू (कप्तान), इमिशा दुलानी, विश्मी गुणारत्ने, हसिनी परेरा, हर्षिता समरविक्रमा, कविषा दिलहारी, नीलाक्षिका सिल्वा, कौशानी नुथ्यांगना (विकेटकीपर), सुगंदिका कुमारी, चामुदी प्रबोदा, मिताली अयोध्या।
voice of india