
सितंबर के दूसरे हफ्ते में भी मानसून की रफ्तार थमने का नाम नहीं ले रही है। देश के अधिकांश राज्यों में मानसूनी बादल जमकर बरस रहे हैं, जिससे कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन चुके हैं। उत्तर प्रदेश और बिहार की प्रमुख नदियां खतरे के निशान के करीब या उससे ऊपर बह रही हैं। इस बीच भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 9 सितंबर के लिए ताजा वेदर बुलेटिन जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, देश के कई हिस्सों में आज तेज आंधी-तूफान के साथ भारी से बहुत भारी बारिश होने की प्रबल संभावना है।
दिल्ली में बादलों की आवाजाही, इस दिन से फिर होगी बौछारें
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बारिश का सिलसिला फिलहाल थमता नजर आ रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली-एनसीआर में अगले दो दिन आंशिक तौर पर बादल छाए रहेंगे, लेकिन झमाझम बारिश के आसार कम हैं। राजधानी में अधिकतम तापमान करीब 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा सकता है। हालांकि, उमस से राहत पाने के लिए दिल्लीवासियों को ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ेगा; 11 सितंबर से दिल्ली में हल्की बारिश का नया दौर शुरू होगा। इसके बाद 12 सितंबर को मध्यम दर्जे की बारिश और 13-14 सितंबर को भी हल्की बूंदाबांदी का अनुमान जताया गया है।
यूपी के 19 जिलों में आंधी-पानी की चेतावनी, बिहार-झारखंड भी अलर्ट पर
उत्तर प्रदेश में मानसून पूरी तरह मेहरबान है। मौसम विभाग ने राज्य के वाराणसी, चंदौली, सोनभद्र, मिर्ज़ापुर, शाहजहांपुर, रामपुर, उन्नाव, प्रयागराज, देवरिया, मेरठ, नोएडा (गौतमबुद्ध नगर), अलीगढ़, आगरा, मथुरा, कानपुर, बहराइच, बलरामपुर, अंबेडकर नगर और गोरखपुर समेत कई जिलों में तेज आंधी और मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं पड़ोसी राज्य बिहार और झारखंड के कई हिस्सों में भी आज गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने और भारी बारिश का सिलसिला जारी रहने के आसार हैं।
पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और मध्य प्रदेश का मौसम
उत्तरी और मध्य भारत के मैदानी इलाकों में भी बादलों का डेरा रहेगा। पंजाब और हरियाणा के अलग-अलग हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बारिश के आसार बने हुए हैं। राजस्थान के कई जिलों में आज मानसून फिर से रफ्तार पकड़ेगा, जिससे कई जगहों पर मूसलाधार बारिश और आंधी के कारण जनजीवन प्रभावित हो सकता है। इसके अलावा, मध्य प्रदेश के अधिकांश इलाकों में बादलों की गर्जना और तेज झोंके वाली हवाओं के साथ पानी बरसने की पूरी संभावना जताई गई है।
उत्तराखंड से कश्मीर तक पहाड़ी राज्यों में संभलकर रहें लोग
पहाड़ी राज्यों में बारिश का कहर लगातार जारी है। उत्तराखंड के अल्मोड़ा, बागेश्वर, देहरादून, हरिद्वार, ऋषिकेश, चमोली, रुद्रप्रयाग और नैनीताल में मौसम विभाग ने भारी बारिश की चेतावनी देते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। हिमाचल प्रदेश के सोलन, बिलासपुर, किन्नौर, चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी में तेज अंधड़ के साथ भारी वर्षा का पूर्वानुमान है। जम्मू-कश्मीर के भी विभिन्न क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ बादलों के बरसने का दौर जारी रहेगा।
पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत के राज्यों का हाल
पूर्वी भारत की बात करें तो पश्चिम बंगाल के कई जिलों में भारी बारिश के साथ तेज गति से हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है, वहीं असम और उसके आसपास के पूर्वोत्तर राज्यों में भी बारिश का अनुमान है। दक्षिण भारत में तटीय आंध्र प्रदेश के इलाकों में तेज सतही हवाएं चलने की संभावना है, जबकि तेलंगाना, कर्नाटक और तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट घोषित किया गया है।
voice of india