Wednesday , 29 April 2026

WB Election 2026: बंगाल का ‘महा-रण’ आज, हावड़ा में EVM पर हंगामा, नादिया में BJP एजेंट पर हमला; सुबह से ही बूथों पर महिलाओं की भारी भीड़

कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के दूसरे और अंतिम चरण के तहत आज 29 अप्रैल को राज्य की 142 सीटों पर मतदान शुरू हो गया है। लोकतंत्र के इस महापर्व में हिस्सा लेने के लिए मतदाताओं में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। सुबह 7 बजे वोटिंग शुरू होने से पहले ही, करीब 5:30 बजे से ही पोलिंग बूथों के बाहर लंबी कतारें लग गई थीं। विशेष रूप से कोलकाता, हावड़ा और उत्तर 24 परगना के शहरी इलाकों में महिलाओं की उपस्थिति चर्चा का विषय बनी हुई है। हालांकि, मतदान के शुरुआती घंटों में ही कई जगहों से झड़प और EVM खराबी की खबरें भी सामने आई हैं।

हावड़ा और पानीहाटी में EVM पर बवाल

हावड़ा के बाली विधानसभा क्षेत्र में मतदान के दौरान उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब कुछ मतदाताओं ने EVM में तकनीकी गड़बड़ी का आरोप लगाया। देखते ही देखते विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया, जिसे नियंत्रित करने के लिए तैनात CRPF के जवानों ने दो लोगों को हिरासत में लिया है। वहीं, पानीहाटी सीट से भाजपा उम्मीदवार रत्ना देबनाथ (आरजी कर पीड़िता की मां) ने भी कई बूथों पर EVM के सुस्त काम करने और बार-बार खराब होने की शिकायत की है। उनका आरोप है कि इससे मतदान की गति को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है।

नादिया में हिंसा: भाजपा एजेंट पर हमला

हिंसा की छिटपुट घटनाएं भी रिपोर्ट की गई हैं। नादिया जिले के छपरा इलाके में भाजपा के एक पोलिंग एजेंट ने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस (TMC) के कार्यकर्ताओं ने उन पर जानलेवा हमला किया और उन्हें बूथ के अंदर बैठने से रोका। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया, जिसके बाद अतिरिक्त सुरक्षा बलों को मौके पर भेजा गया है। विपक्ष ने कई जगहों पर ‘SIR’ (वोटर लिस्ट से नाम हटाए जाने) को लेकर भी प्रदर्शन किया है।

भवानीपुर: ‘ममता बनाम शुभेंदु’ की हाई-वोल्टेज जंग

आज के मतदान में सबसे हॉट सीट भवानीपुर है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की इस परंपरागत सीट पर कांटे की टक्कर है। उनके खिलाफ भाजपा के कद्दावर नेता और विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ताल ठोक रहे हैं। शुभेंदु, जो 2021 में ममता को नंदीग्राम से हरा चुके हैं, इस बार उनके गृह क्षेत्र में ‘अजेय’ होने के मिथक को तोड़ने की कोशिश कर रहे हैं। भवानीपुर के हर बूथ पर सुरक्षा बलों की विशेष तैनाती की गई है।

सत्ता की चाबी और चुनावी गणित

2021 के आंकड़ों पर गौर करें तो इन 142 सीटों में से TMC ने 123 सीटों पर कब्जा जमाया था। सत्ता के लिए दक्षिण बंगाल का यह क्षेत्र बेहद निर्णायक है। 23 अप्रैल को हुए पहले चरण के मतदान में 93.2% का ऐतिहासिक मतदान दर्ज किया गया था। आज होने वाले मतदान की गिनती और अंतिम परिणाम 4 मई को घोषित किए जाएंगे। प्रशासन ने शांतिपूर्ण मतदान के लिए पूरे क्षेत्र में धारा 144 और ड्रोन सर्विलांस का सहारा लिया है।

चुनाव से जुड़ी 3 तस्वीरें…

नादिया में BJP एजेंट ने अपने ऊपर हमले की बात कही।
नादिया में BJP एजेंट ने अपने ऊपर हमले की बात कही।
नार्थ बैरकपुर में वोटर की लंबी लाइन लगी।
नार्थ बैरकपुर में वोटर की लंबी लाइन लगी।
भाटपाड़ा में वोट डालने पहुंचे वोटर बूथ के बाहर लाइन लगाकर खड़े हुए।

भाटपाड़ा में वोट डालने पहुंचे वोटर बूथ के बाहर लाइन लगाकर खड़े हुए।

इस्कॉन मंदिर के सदस्य ‘हरे कृष्ण’ का भजन गाते हुए वोट डालने पहुंचे

नादिया के छपरा में BJP एजेंट का TMC कार्यकर्ताओं पर हमले का आरोप

TMC MP महुआ मोइत्रा ने नादिया के करीमपुर में वोट डाला

पानीहाटी से BJP उम्मीदवार रत्ना देबनाथ ने वोट डाला

पानीहाटी विधानसभा सीट पर बीजेपी उम्मीदवार रत्ना देबनाथ आरजी कर मेडिकल कॉलेज केस की पीड़िता की मां हैं। इस सीट पर बीजेपी, तृणमूल कांग्रेस, वाम मोर्चा और कांग्रेस के बीच कड़ा मुकाबला है। 2021 के चुनाव में इस पर टीएमसी के कैंडिडेट निर्मल घोष ने 86495 वोट हासिल कर जीत हासिल की थी। उन्होंने BJP प्रत्याशी सन्मोय बंद्योपाध्याय को हराया था। इस बार निर्मल का टिकट नहीं दिया गया है। उनकी जगह तीर्थंकर घोष को मैदान में उतारा है।

नोआपाड़ा से भाजपा प्रत्याशी अर्जुन सिंह ने वोट डाला

दूसरे फेज में 1448 उम्मीदवार, 3.2 करोड़ वोटर्स

पश्चिम बंगाल की कुल 294 सीटों में 210 जनरल सीटें हैं। 68 सीटें SC और 10 सीटें ST के लिए आरक्षित हैं। कुल 6.8 करोड़ वोटर्स हैं। पहली बार वोट डालने वाले लोगों की संख्या पांच लाख से ज्यादा है। वहीं 3.79 लाख वोटर्स 85 से ज्यादा उम्र के हैं।

दूसरे फेज में कुल 1448 उम्मीदवारों में 220 महिलाएं शामिल हैं। कुल 3 करोड़ 21 लाख वोटर्स अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। हुगली जिले के चिनसुरा में सबसे ज्यादा 2,75,715 मतदाता हैं। सबसे कम मतदाता नॉर्थ 24 परगना के भाटपाड़ा में हैं, जहां 1,17,195 वोटर हैं।

इस फेज के लिए केंद्रीय बलों की कुल 2,321 कंपनियां तैनात की गई हैं। इसके अलावा 142 जनरल ऑब्जर्वर, 95 पुलिस ऑब्जर्वर और 100 एक्सपेंडिचर ऑब्जर्वर भी तैनात हैं। कुल मिलाकर 41,001 पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं। इनमें से 14,218 शहरी और 25,083 ग्रामीण क्षेत्रों में हैं।

 

 

Check Also

इजरायल का लेबनान में बड़ा धमाका! हिज्बुल्लाह की 10 साल की मेहनत मिट्टी में मिली, ‘पाताल’ में बने किलों को इजरायली सेना ने किया ध्वस्त

यरूशलेम/बेरुत। इजरायल और हिज्बुल्लाह के बीच जारी संघर्ष थमने का नाम नहीं ले रहा है। …