लखनऊ। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET) 2026 के एडमिट कार्ड का बेसब्री से इंतजार कर रहे लाखों उम्मीदवारों का इंतजार आखिरकार खत्म हो गया है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC) ने परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड आधिकारिक तौर पर जारी कर दिए हैं। परीक्षा में शामिल होने वाले सभी अभ्यर्थी आयोग की ऑफिशियल वेबसाइट पर जाकर अपना प्रवेश पत्र तुरंत डाउनलोड कर सकते हैं। इस बार परीक्षा का आयोजन 2 जुलाई से 4 जुलाई 2026 के बीच राज्य के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और सीसीटीवी की निगरानी में किया जा रहा है।
स्टेप-बाय-स्टेप समझें: कैसे डाउनलोड करें UPTET 2026 का एडमिट कार्ड
उम्मीदवारों की सुविधा के लिए आयोग ने डाउनलोडिंग प्रक्रिया को बेहद सरल बनाया है। आप नीचे दिए गए स्टेप्स को फॉलो करके अपना एडमिट कार्ड प्राप्त कर सकते हैं:
-
वेबसाइट पर जाएं: सबसे पहले उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट upessc.up.gov.in पर लॉग इन करें।
-
लिंक पर क्लिक करें: होमपेज पर दिखाई दे रहे ‘UPTET Admit Card 2026’ के सक्रीय लिंक पर क्लिक करें।
-
डिटेल्स दर्ज करें: अब नए पेज पर अपना मोबाइल नंबर या रजिस्ट्रेशन नंबर दर्ज करें।
-
व्यक्तिगत जानकारी: इसके साथ ही उम्मीदवार को अपना नाम या पिता का नाम, जन्मतिथि (Date of Birth) और स्क्रीन पर दिख रहा सिक्योरिटी कोड (कैप्चा) भरना होगा।
-
डाउनलोड करें: सभी जानकारियां सही-सही भरने के बाद सबमिट बटन पर क्लिक करते ही आपका एडमिट कार्ड स्क्रीन पर आ जाएगा, जिसका प्रिंटआउट निकाल लें।
महत्वपूर्ण नोट: यदि किसी उम्मीदवार ने प्राथमिक (Paper-1) और उच्च प्राथमिक (Paper-2) दोनों स्तर की परीक्षाओं के लिए आवेदन किया है, तो उसे दोनों ही पेपरों के लिए अलग-अलग एडमिट कार्ड डाउनलोड करने होंगे। एक ही एडमिट कार्ड दोनों परीक्षाओं के लिए मान्य नहीं होगा।
एडमिट कार्ड मिलते ही इन 5 जरूरी जानकारियों को तुरंत जांचें
एडमिट कार्ड डाउनलोड करने के बाद सभी उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे उसमें छपी जानकारियों का मिलान अपने मूल दस्तावेजों से अच्छी तरह कर लें:
-
आपका नाम और स्पेलिंग
-
आपकी स्पष्ट फोटो और हस्ताक्षर
-
परीक्षा की सटीक तारीख और अलॉट किया गया रिपोर्टिंग टाइम
-
परीक्षा केंद्र (Exam Center) का पूरा नाम और पता
-
रोल नंबर और श्रेणी (Category)
यदि एडमिट कार्ड में किसी भी प्रकार की त्रुटि या मिसप्रिंटिंग पाई जाती है, तो उम्मीदवार बिना समय गंवाए तुरंत आयोग के हेल्पलाइन नंबर या संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर इसमें सुधार करवा लें, अन्यथा परीक्षा केंद्र पर प्रवेश से रोका जा सकता है।
OMR शीट पर ऑफलाइन होगी परीक्षा, जानें शिफ्ट और टाइमिंग का पूरा शेड्यूल
इस बार UPTET परीक्षा का आयोजन पूरी तरह से पारंपरिक ऑफलाइन मोड में किया जा रहा है, यानी कि छात्रों को OMR शीट पर बालपेन से सही विकल्प को भरना होगा। कक्षा 6 से 8 तक के शिक्षकों के लिए आयोजित होने वाला पेपर-2 (Paper-2), 2 जुलाई को दो पालियों (शिफ्ट) में शुरू होगा।
-
प्रथम पाली (Morning Shift): सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक।
-
द्वितीय पाली (Evening Shift): दोपहर 2:30 बजे से शाम 5:00 बजे तक।
इसी पेपर-2 की एक और परीक्षा 3 जुलाई को भी आयोजित कराई जाएगी। वहीं, कक्षा 1 से 5 तक के शिक्षकों के लिए होने वाला पेपर-1 (Paper-1), 3 जुलाई को दोपहर की शिफ्ट में और 4 जुलाई को सुबह की शिफ्ट में संपन्न कराया जाएगा।
150 अंकों की परीक्षा में नहीं होगी नेगेटिव मार्किंग
परीक्षा के पैटर्न की बात करें तो प्रत्येक पेपर में कुल 150 बहुविकल्पीय (MCQ) प्रश्न पूछे जाएंगे, जिनके लिए कुल 150 अंक निर्धारित हैं। यानी हर सही उत्तर के लिए उम्मीदवार को 1 अंक मिलेगा। इस परीक्षा की सबसे बड़ी और राहत भरी बात यह है कि इसमें कोई भी नेगेटिव मार्किंग (Negative Marking) नहीं रखी गई है। इसलिए उम्मीदवार बिना किसी डर के सभी प्रश्नों के उत्तर दे सकते हैं। परीक्षा में सफल होने के लिए सामान्य वर्ग को 60 फीसदी और आरक्षित वर्ग को 55 फीसदी पात्रता अंक लाना अनिवार्य होगा।
voice of india
