मुंबई: बॉलीवुड के मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमिर खान इन दिनों अपनी निजी जिंदगी को लेकर जबरदस्त सुर्खियों में हैं। गौरी स्प्रैट के साथ शादी के बंधन में बंधने के बाद से ही अभिनेता लगातार विवादों का सामना कर रहे हैं। अब इस पूरे मामले में एक बेहद चौंकाने वाला और खतरनाक मोड़ सामने आया है। कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने आमिर खान को सीधे तौर पर जान से मारने की धमकी दी है, जिसके बाद पूरी मायानगरी में हड़कंप मच गया है।
सोशल मीडिया पर ऑडियो और पोस्ट के जरिए दी धमकी
इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहे एक कथित पोस्ट और ऑडियो क्लिप में बिश्नोई गैंग के सदस्यों ने आमिर खान को निशाना बनाया है। इस धमकी भरे संदेश में आरजू बिश्नोई और टायसन बिश्नोई (लॉरेंस बिश्नोई ग्रुप) का नाम सामने आया है। पोस्ट में लिखा गया है, “जय श्री राम, जय सीता राम। ये जो हमारी संस्कृति के खिलाफ हमारे देश में लव जिहाद के नाम पर आमिर खान जैसे लोग इसको बढ़ावा दे रहे हैं, हम इस कृत्य को बर्दाश्त नहीं करेंगे और इसका जवाब बहुत जल्द इसको दे दिया जाएगा।”
इस कथित पोस्ट में आगे चेतावनी देते हुए लिखा गया है कि जो भी इन हरकतों को बढ़ावा देगा, उसे वे अपने तरीके से जवाब देंगे। स्टारडम के नाम पर ऐसी चीजों को बढ़ावा देने वालों की ‘सांसे दबा देने’ की बात भी इस संदेश में कही गई है। हालांकि, इस वायरल पोस्ट और ऑडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
मामले पर क्या है मुंबई पुलिस का एक्शन?
इस संवेदनशील मामले में जब मुंबई पुलिस से संपर्क किया गया, तो उन्होंने बताया कि फिलहाल इस संबंध में आमिर खान या उनकी टीम की तरफ से कोई आधिकारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, उन्हें भी सोशल मीडिया और मीडिया रिपोर्ट्स के जरिए ही इस कथित धमकी की जानकारी मिली है, जिसकी जांच और वेरिफिकेशन किया जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अभिनेता की ओर से शिकायत मिलने पर तुरंत मामला दर्ज कर उचित कार्रवाई की जाएगी।
शादी के बाद से ही चौतरफा विवादों में घिरे हैं मिस्टर परफेक्शनिस्ट
गौरी स्प्रैट के साथ ‘स्पेशल मैरिज एक्ट’ के तहत कोर्ट मैरिज करने के बाद से ही आमिर खान पर लगातार सवाल उठ रहे हैं। बजरंग दल जैसी संस्थाओं ने इस शादी के खिलाफ सड़कों पर उतरकर भारी विरोध प्रदर्शन किया है, वहीं दूसरी तरफ अभिनेता के खिलाफ एक फतवा भी जारी होने की खबर आई है।
इन तमाम आरोपों और विवादों पर खुद आमिर खान ने अपना रुख पूरी तरह साफ किया है। अभिनेता ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि उनकी तीनों शादियों में से किसी भी पत्नी ने अपना धर्म परिवर्तन नहीं किया है। उनकी शादियां पूरी तरह से कानून के दायरे में रहकर ‘सिविल मैरिज’ के तहत हुई हैं। उन्होंने यह भी खुलासा किया कि उनकी तीसरी पत्नी गौरी हिंदू नहीं बल्कि ईसाई हैं। आमिर ने कहा कि उनका परिवार हमेशा से सभी धर्मों का सम्मान करता आया है, उनकी बेटी इरा और दोनों बहनों की शादी भी हिंदू परिवारों में हुई है।
सलमान खान के बाद अब आमिर भी बिश्नोई गैंग के रडार पर
यह पहली बार नहीं है जब बॉलीवुड का कोई बड़ा सुपरस्टार लॉरेंस बिश्नोई गैंग के निशाने पर आया हो। इससे पहले सुपरस्टार सलमान खान पिछले काफी समय से इस गैंग की हिट लिस्ट में हैं। साल 1998 के काले हिरण शिकार मामले को लेकर बिश्नोई गैंग सलमान खान को कई बार ईमेल, फोन और चिट्ठियों के जरिए धमकियां दे चुका है, और उनके गैलेक्सी अपार्टमेंट पर फायरिंग की घटना भी हो चुकी है। अब सलमान के बाद आमिर खान को मिली इस कथित धमकी ने फिल्म इंडस्ट्री की सुरक्षा पर एक बार फिर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।
voice of india
