Thursday , 23 July 2026

दिल्ली के जंतर-मंतर पर बवाल: प्रदर्शनकारियों का RAF और पुलिस पर पथराव, 2 ACP समेत 5 घायल; तलवारें लहराईं, इंटरनेट सेवा ठप्प

नई दिल्ली. . राजधानी दिल्ली के हृदय स्थल जंतर-मंतर पर एक बार फिर स्थिति बेहद नाजुक और तनावपूर्ण हो गई है। शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दावे के बीच अचानक घुसे उपद्रवियों ने भारी हंगामा खड़ा कर दिया। उग्र भीड़ ने सुरक्षा में तैनात रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) और दिल्ली पुलिस के जवानों पर पथराव और बोतलों से हमला कर दिया। इस हिंसक झड़प में 2 एसीपी (ACP) समेत 5 पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। स्थिति को बिगड़ता देख पूरे इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया है।

उपद्रवियों ने लहराईं तलवारें, कनॉट प्लेस और टॉल्स्टॉय मार्ग तक फैली सनसनी

घटना के संबंध में मिली सनसनीखेज जानकारी के अनुसार, उपद्रवियों के हाथ में लाठी-डंडों के अलावा तलवारें और खुखरी जैसे धारदार हथियार भी देखे गए। रात करीब 8:30 बजे संसद मार्ग और टॉल्स्टॉय मार्ग के पास भीड़ बेकाबू हो गई और जवानों पर बड़े-बड़े पत्थर बरसाने शुरू कर दिए। उपद्रव को शांत करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले दागने पड़े। हमले में घायल हुए कनॉट प्लेस के एसीपी विवेक भगत को सीनियर अधिकारियों ने तुरंत आरएमएल (RML) अस्पताल पहुंचाया।

इंटरनेट बंद होने पर भी धड़ाधड़ भेजे गए मैसेज, पुलिस को बड़ी साजिश का शक

हिंसा की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में एहतियातन इंटरनेट सेवाएं बंद कर दीं। हालांकि, पुलिस सूत्रों के मुताबिक नेटवर्क ठप्प होने के बावजूद जंतर-मंतर, टॉल्स्टॉय मार्ग और जनपथ इलाके से लगातार मैसेजिंग और SMS का आदान-प्रदान दर्ज किया गया है। पुलिस को अंदेशा है कि अंदर मौजूद प्रदर्शनकारी बाहर मौजूद लोगों को हिंसा फैलाने का निर्देश दे रहे थे। सुरक्षा एजेंसियां इस डिजिटल एंगल और संभावित साजिश की गहन जांच कर रही हैं।

राजनीतिक घमासान तेज: कांग्रेस का करारा हमला, AAP नेता भी पहुंचे

इस पूरी घटना के बाद दिल्ली का सियासी पारा भी चढ़ गया है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता केसी वेणुगोपाल ने सरकार पर इंटरनेट बंद कर अफरा-तफरी फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने इसे युवाओं की आवाज दबाने और अभिव्यक्ति की आजादी पर हमला करार दिया। दूसरी तरफ, आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता संजय सिंह, सौरभ भारद्वाज और जेएमएम सांसद महुआ माजी भी स्थिति का जायजा लेने जंतर-मंतर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से बात की।

देर रात बढ़ा तनाव, भारी सुरक्षाबल तैनात

रात ढलने के साथ ही जंतर-मंतर पर भीड़ और ज्यादा जुटने लगी है। प्रदर्शनकारी लगातार सरकार विरोधी नारेबाजी कर रहे हैं। हालांकि पुलिस का दावा है कि स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है, लेकिन एहतियात के तौर पर पूरे इलाके में दिल्ली पुलिस और RAF के जवानों की भारी नफरी तैनात कर दी गई है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके।

Check Also

अमेरिका में जेनेरिक दवाओं पर टैरिफ की भारी मार! राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के फैसले से फार्मा सेक्टर में मची खलबली, भारत पर भी पड़ेगा सीधा असर

वॉशिंगटन/नई दिल्ली। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अंतरराष्ट्रीय फार्मा मार्केट में हलचल मचाने वाला एक …