
उत्तर प्रदेश विधान परिषद की गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक सीट की मतगणना के दौरान सियासी संग्राम तेज हो गया है। चुनाव परिणाम आने से ठीक पहले समाजवादी पार्टी और निर्दलीय उम्मीदवार ने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए मतगणना का बहिष्कार कर दिया। दोनों प्रत्याशियों ने बैलेट पेपर में वरीयता क्रमांक बदले जाने और निष्पक्षता की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए मतगणना केंद्र से वॉकआउट कर दिया। सपा प्रत्याशी डॉ. संजयन त्रिपाठी और निवर्तमान जिलाध्यक्ष बृजेश गौतम सहित पार्टी के तमाम पदाधिकारी व कार्यकर्ता मतगणना स्थल से बाहर निकल आए।
सपा नेताओं का आरोप: लोकतंत्र की हत्या की हो रही कोशिश मतगणना स्थल के बाहर मीडिया से मुखातिब होते हुए सपा नेताओं ने तीखा आक्रोश व्यक्त किया। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनावी प्रक्रिया में लोकतंत्र की सरेआम हत्या की जा रही है। सपा नेताओं का सीधा आरोप है कि प्रशासनिक अमला और चुनाव ऑब्जर्वर कथित तौर पर सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार को फायदा पहुंचाने के लिए काम कर रहे हैं। नेताओं ने कहा कि काउंटिंग व्यवस्था में पारदर्शिता की कमी के चलते वे हताश होकर बाहर आए हैं। अब पार्टी नेतृत्व के साथ बैठकर विचार-विमर्श किया जाएगा, जिसके बाद ही आगे के आंदोलन या कानूनी कदम की रूपरेखा तय होगी।
रिटर्निंग ऑफिसर ने राउंड चार्ट देने से किया इनकार: बृजेश गौतम सपा के कार्यवाहक जिला अध्यक्ष बृजेश गौतम ने मीडिया के सामने सिलसिलेवार घटनाक्रम रखते हुए कहा कि लोकतांत्रिक मर्यादाओं के तहत हर राउंड के बाद चार्ट उपलब्ध कराना अनिवार्य होता है। जब डॉ. संजय त्रिपाठी, निर्दलीय प्रत्याशी राजीव यादव और अन्य प्रत्याशियों ने मिलकर रिटर्निंग ऑफिसर (RO) से राउंड-वार चार्ट की मांग रखी, तो उन्होंने इसे सीधे खारिज कर दिया। इसके बाद उन्होंने खुद चुनाव आयोग के पर्यवेक्षकों के समक्ष आपत्ति दर्ज कराई। वहीं दूसरी ओर, इस पूरे विवाद पर स्थानीय जिला प्रशासन की तरफ से अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
गोरखपुर-फैजाबाद सीट: चौथे राउंड के बाद ध्रुव त्रिपाठी आगे, सपा तीसरे नंबर पर विवाद के बीच प्रथम वरीयता के वोटों की गिनती पूरी कर ली गई है। चौथे राउंड तक के आंकड़ों में भाजपा उम्मीदवार ध्रुव त्रिपाठी 466 वोटों की बढ़त के साथ पहले स्थान पर चल रहे हैं। उन्हें अब तक कुल 11,881 मत प्राप्त हुए हैं। वहीं निर्दलीय प्रत्याशी राजीव यादव 11,415 वोट पाकर दूसरे पायदान पर मजबूती से टिके हुए हैं। समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी डॉ. संजयन त्रिपाठी 8,301 वोटों के साथ तीसरे नंबर पर पिछड़ गए हैं।
उत्तर प्रदेश एमएलसी चुनाव परिणाम: जानिए अन्य सीटों का पूरा लेखा-जोखा
वाराणसी शिक्षक एमएलसी सीट सपा प्रत्याशी लाल बिहारी यादव ने जीत दर्ज की, जबकि भाजपा के प्रमोद मिश्र को हार का सामना करना पड़ा।
मेरठ शिक्षक एमएलसी सीट भाजपा के श्रीचंद्र शर्मा विजयी घोषित हुए, सपा के डॉ. नितिन कुमार तोमर चुनाव हारे।
लखनऊ शिक्षक एमएलसी सीट भाजपा के उमेश द्विवेदी ने जीत हासिल की, सपा प्रत्याशी सुशील कुमार पटेल पराजित हुए।
बरेली-मुरादाबाद शिक्षक सीट भाजपा के डॉ. हरि सिंह ढिल्लों ने शानदार जीत दर्ज की, सपा के दानिश अख्तर को शिकस्त मिली।
मेरठ स्नातक एमएलसी सीट भाजपा के दिनेश गोयल चुनाव जीते, सपा के प्रमेंद्र सिंह भाटी हारे।
आगरा शिक्षक एमएलसी सीट सपा के आकाश अग्रवाल बढ़त बनाए हुए हैं, भाजपा के इंजीनियर हरि किशोर तिवारी पीछे चल रहे हैं।
आगरा स्नातक एमएलसी सीट सपा प्रत्याशी शशांक यादव आगे हैं, जबकि भाजपा के डॉ. मानवेंद्र पीछे हैं।
गोरखपुर शिक्षक एमएलसी सीट भाजपा प्रत्याशी ध्रुव त्रिपाठी आगे चल रहे हैं, निर्दलीय प्रत्याशी राजीव यादव पीछे हैं।
इलाहाबाद-झांसी स्नातक सीट भाजपा के अशोक कुमार राठौर बढ़त पर हैं, सपा के मान सिंह यादव मुकाबले में पीछे चल रहे हैं।
voice of india