Sunday , 13 September 2026

UP Crime: ‘खुद को बताया लॉरेंस बिश्नोई की पत्नी और दी जान से मारने की धमकी’, जाट महासभा के नेता पर भड़की महिला जयपुर से गिरफ्तार; हाथ पर गुदवाया है गैंगस्टर का नाम

शामली उत्तर प्रदेश के शामली जिले में अंकित बालियान हत्याकांड को लेकर कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई पर टिप्पणी करना अखिल भारतीय जाट महासभा के युवा जिला अध्यक्ष मुकुल चौधरी के लिए गले की फांस बन गया। सोशल मीडिया मैसेंजर पर खुद को गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई की पत्नी बताने वाली एक महिला ने जाट नेता को सीधा जान से मारने की धमकी दे डाली। सनसनीखेज मामला सामने आने के बाद शामली पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मुकदमा दर्ज किया और सर्विलांस व तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर शनिवार को आरोपी महिला को धर दबोचा।

यूट्यूब इंटरव्यू में गैंगस्टर पर की थी टिप्पणी, नाराज महिला ने भेजा धमकी भरा मैसेज पुलिस के अनुसार, मुकुल चौधरी शामली के गढ़ी पुख्ता थाना क्षेत्र स्थित जधेड़ी गांव के निवासी हैं। हाल ही में उन्होंने एक निजी यूट्यूब चैनल को दिए साक्षात्कार में चर्चित अंकित बालियान हत्याकांड का जिक्र करते हुए गुजरात की साबरमती जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के खिलाफ कुछ तीखी टिप्पणियां की थीं। यह इंटरव्यू सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद राजस्थान की राजधानी जयपुर में रह रही बिंदु नामक महिला आगबबूला हो गई। उसने सोशल मीडिया मैसेंजर के जरिए मुकुल चौधरी से संपर्क साधा और खुद को लॉरेंस बिश्नोई की पत्नी बताते हुए अंजाम भुगतने व जान से मारने की खुली धमकी दे दी।

जयपुर में बाउंसर का काम करती है आरोपी महिला, बिहार की है मूल निवासी धमकी भरा संदेश मिलने के बाद मुकुल चौधरी ने शामली पुलिस से संपर्क कर तहरीर दी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर साइबर सेल की मदद से आरोपी की लोकेशन ट्रेस की। शनिवार को पुलिस टीम ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया। शामली के पुलिस अधीक्षक (एसपी) एनपी सिंह ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि पकड़ी गई महिला मूल रूप से बिहार की रहने वाली है और मौजूदा समय में जयपुर में रहकर एक निजी सुरक्षा एजेंसी में महिला बाउंसर के रूप में काम करती है। वह चार बच्चों की मां है और पिछले करीब आठ वर्षों से अपने पति से अलग रह रही है।

8 साल से मन ही मन मानती है पति, हाथ पर गुदवा रखा है लॉरेंस का नाम पुलिस पूछताछ के दौरान महिला ने बेहद चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। महिला ने पुलिस को बताया कि वह पिछले 8 वर्षों से मन ही मन गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई को अपना पति मान चुकी है और उसे लॉरेंस के खिलाफ एक भी शब्द सुनना बर्दाश्त नहीं है। दीवानगी का आलम यह है कि उसने अपने हाथ पर लॉरेंस बिश्नोई के नाम का टैटू भी बनवा रखा है।

गैंग से कभी नहीं मिला कोई लिंक, न्यायिक हिरासत में भेजी गई आरोपी पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जांच में अब तक महिला की लॉरेंस बिश्नोई या उसके सिंडिकेट के किसी भी गुर्गे से आमने-सामने मुलाकात या सीधा संपर्क होने का कोई सुबूत नहीं मिला है। इसके बावजूद कानून हाथ में लेने और खुद को गैंगस्टर की पत्नी बताकर सरेआम हत्या की धमकी देने के जुर्म में उसे गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। पुलिस अब यह पड़ताल कर रही है कि क्या महिला ने यह कदम महज सनसनी फैलाने के लिए उठाया या इसके पीछे कोई अन्य साजिश छिपी है।

 

Check Also

राम वनगमन पथ पर निर्माण के तुरंत बाद आईं दरारें, भड़के सीएम योगी; अफसरों व कंपनी पर गिरी गाज, अब 10 से अधिक इंजीनियरों पर गोपनीय जांच की तलवार

 प्रयागराज प्रभु श्रीराम की पावन नगरी अयोध्या को तपोभूमि चित्रकूट से जोड़ने वाली महत्वाकांक्षी परियोजना …