
मुजफ्फरनगर उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले से रिश्तों को तार-तार कर देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां एक कलयुगी पत्नी ने अपने अवैध प्रेम प्रसंग में रुकावट बन रहे पति की बेरहमी से हत्या कर दी। पति को पत्नी के गैर-मर्दों से रिश्तों की भनक लग चुकी थी और वह लगातार दोनों के बीच बाधा बन रहा था। इसी से तंग आकर पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर खौफनाक साजिश रची और रात में पति को जहरीला/नशीला दूध पिलाकर हमेशा के लिए मौत की नींद सुला दिया। पुलिस ने अंधे कत्ल की इस गुत्थी को सुलझाते हुए आरोपी कातिल पत्नी और उसके प्रेमी को सलाखों के पीछे भेज दिया है।
दूध पीकर सोया और फिर नहीं उठा, 8 सितंबर को मिली थी लाश घटना मुजफ्फरनगर के रतनपुरी थाना क्षेत्र की है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह वारदात 7 सितंबर की रात अंजाम दी गई थी। अगली सुबह यानी 8 सितंबर को पुलिस को इलाके में एक युवक का शव संदिग्ध हालात में मिलने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक की शिनाख्त शाकिब के रूप में हुई। शुरुआत में मौत की वजह स्पष्ट नहीं थी, लेकिन परिजनों से सघन पूछताछ के दौरान चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि मृतक की पत्नी तबस्सुम के अपने ही सगे ननदोई शाहरुख के साथ लंबे समय से अवैध संबंध चल रहे थे।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुला राज, कड़ाई से पूछताछ में कातिल बीवी ने उगला सच परिजनों द्वारा जताए गए गहरे संदेह और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस की जांच की सुई सीधे पत्नी पर जा टिकी। रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ कि शाकिब की मौत दूध में अत्यधिक नशीली दवा मिलाने के कारण हुई है। इसके बाद रतनपुरी पुलिस ने मृतक की पत्नी तबस्सुम को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। शुरुआत में शातिर महिला पुलिस को लगातार मनगढ़ंत कहानियां सुनाकर गुमराह करती रही, लेकिन जब पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य और पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने रखकर सख्ती दिखाई, तो वह टूट गई। उसने न केवल पति की हत्या की बात कबूल कर ली, बल्कि वारदात में अपने प्रेमी शाहरुख की पूरी भूमिका का भी पर्दाफाश कर दिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने फौरन दबिश देकर प्रेमी शाहरुख को भी गिरफ्तार कर लिया।
एसएसपी मुजफ्फरनगर का बड़ा खुलासा: दो साल से चल रहा था प्रेम प्रसंग दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) मुजफ्फरनगर संजय कुमार वर्मा ने इस जघन्य हत्याकांड का विधिवत खुलासा किया। एसएसपी ने बताया कि पुलिसिया पूछताछ में दोनों ने अपना जुर्म पूरी तरह स्वीकार कर लिया है। जांच में सामने आया कि तबस्सुम और उसके ननदोई शाहरुख के बीच पिछले दो साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। शाकिब को जब अपनी पत्नी और बहनोई के इस रिश्ते की जानकारी हुई, तो उसने इसका कड़ा विरोध करना शुरू कर दिया।
पति का लगातार दखल दोनों को नागवार गुजर रहा था। ऐसे में रास्ते का कांटा हटाने के लिए शाहरुख ने नशीला पदार्थ उपलब्ध कराया, जिसे तबस्सुम ने रात में चुपके से शाकिब के दूध के गिलास में मिला दिया। नशीला दूध पीने के कुछ ही देर बाद शाकिब अचेत हो गया और उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।
voice of india