Friday , 27 November 2026

UP Assembly Election 2027: आगरा से आकाश आनंद की नई सियासी उड़ान, मायावती की तरह अलग कुर्सी और आक्रामक तेवर के साथ विपक्ष को घेरा

आगरा: उत्तर प्रदेश की सत्ता पर चार बार काबिज रह चुकी बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के लिए आगामी 2027 का विधानसभा चुनाव बेहद निर्णायक माना जा रहा है। इस सियासी संग्राम में पार्टी की कमान संभालने और बसपा प्रमुख मायावती की राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाने के लिए आकाश आनंद अब नए ‘महावत’ की भूमिका में नजर आने लगे हैं। रविवार को आगरा के एत्मादपुर कस्बा स्थित मॉडल स्कूल के मैदान में आयोजित विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन व जनसभा के दौरान इसके स्पष्ट संकेत मिले। मंच पर आकाश आनंद के लिए बसपा सुप्रीमो मायावती की ही तर्ज पर अलग कुर्सी लगाई गई थी। अपने संबोधन में उन्होंने जहां मायावती जैसे आक्रामक तेवरों के साथ सपा, कांग्रेस और भाजपा की घेराबंदी की, वहीं बदलते वक्त के साथ संवाद की नई शैली भी पेश की।

दलितों की राजधानी से 2027 की सियासी बिसात

पिछले छह महीनों के भीतर बसपा का यह तीसरा बड़ा सम्मेलन था। राजनीतिक रूप से ‘दलितों की राजधानी’ कहे जाने वाले आगरा की जिस एत्मादपुर सुरक्षित सीट से आकाश आनंद ने अपनी नई सियासी उड़ान भरी है, वहां 1996, 2007 और 2012 के विधानसभा चुनावों में बसपा का हाथी जीत की दहाड़ लगा चुका है। इसी ऐतिहासिक पृष्ठभूमि के बीच बसपा ने आकाश के सहारे 2027 के चुनावी रण के लिए नई राजनीतिक बिसात बिछाने का स्पष्ट संदेश दिया है।

परंपरागत सूत्र के साथ आधुनिक संवाद शैली

बसपा प्रमुख मायावती के राजनीतिक उत्तराधिकारी के रूप में उभर रहे आकाश आनंद ने अपने भाषण के माध्यम से न सिर्फ पार्टी के पारंपरिक कैडर में जोश भरने का काम किया, बल्कि आधुनिक दौर के अनुरूप संवाद की बदली हुई झलक भी दिखाई। राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक, आगरा की इस जनसभा में आकाश की भूमिका केवल एक स्टार प्रचारक तक सीमित नहीं थी, बल्कि वे भविष्य के पूर्ण नेतृत्वकर्ता के रूप में दिखाई दिए। उन्होंने मायावती के ‘सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय’ के मूल मंत्र को आगे बढ़ाते हुए युवाओं, किसानों और कारीगरों से सीधा जुड़ाव बनाने के लिए ‘एक्सेल शीट के डाटा पॉइंट’ और ‘सोशल मीडिया मीम्स’ जैसे आधुनिक मुहावरों का बखूबी इस्तेमाल किया।

मिशन की वैचारिक धुरी और विपक्ष पर चौतरफा हमला

अपने संबोधन के दौरान आकाश आनंद ने बार-बार मायावती के शासनकाल की उपलब्धियों, यमुना एक्सप्रेसवे, भूमि पट्टों और सरकारी भर्तियों का जिक्र किया। इसके जरिए उन्होंने यह संदेश दिया कि भले ही पार्टी के नेतृत्व की पीढ़ी बदल रही है, लेकिन मिशन की वैचारिक धुरी आज भी कांशीराम और मायावती की प्रशासनिक कार्यशैली पर ही टिकी है। वर्तमान में बसपा के सामने सबसे बड़ी चुनौती अपने कोर वोट बैंक को एकजुट रखने और समाजवादी पार्टी के पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) विमर्श की काट खोजने की है। इसी रणनीति के तहत आकाश ने सत्तारूढ़ भाजपा को पेपर लीक, बेरोजगारी, महंगाई, एनसीआरबी के अपराध आंकड़ों और राज्य में दो उपमुख्यमंत्रियों की व्यवस्था होने के बावजूद उसमें दलित प्रतिनिधित्व न होने के मुद्दे पर घेरा।

सपा और कांग्रेस पर तीखे प्रहार

आकाश आनंद ने केवल भाजपा ही नहीं, बल्कि सपा और कांग्रेस पर भी सीधा हमला बोला। उन्होंने हाल ही में आगरा में हुए सपा के दलित सम्मेलन के दौरान प्रो. रामगोपाल यादव द्वारा की गई टिप्पणी का मुद्दा उठाया। इसके साथ ही वर्ष 2012 में पदोन्नति में आरक्षण के विरोध और बसपा शासनकाल में बनाए गए जिलों के नाम बदले जाने जैसे विषयों पर सपा को आड़े हाथों लिया। कुल मिलाकर, आगरा की इस जनसभा ने यह साफ कर दिया है कि बसपा अब रक्षात्मक राजनीति छोड़कर आक्रामक अंदाज में चुनावी मैदान में उतरने जा रही है, जिसकी कमान योजनाबद्ध तरीके से आकाश आनंद को सौंपी जा रही है।

समर्थकों में दिखा जबरदस्त उत्साह, अनोखे अंदाज में पहुंचे कार्यकर्ता

आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच कस्बा के मॉडल स्कूल मैदान में आयोजित जनसभा में पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद को सुनने के लिए युवा, महिलाएं और बुजुर्ग बड़ी संख्या में और बेहद अनोखे अंदाज में पहुंचे। फिरोजाबाद से आए समर्थक कुंवर सिंह बौद्ध अपनी प्रचार साइकिल को पूरी तरह नीले रंग से सजाकर कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। वहीं, कस्बा के पूर्व सभासद दिवान सिंह अपने पूरे शरीर पर नीला रंग लगाकर और उस पर ‘बहुजन समाज’ लिखवाकर सम्मेलन में शामिल हुए। पीलीभीत से आए प्रमोद कुमार गौतम हाथों में ढपली बजाते हुए बसपा के समर्थन में गीत गाते नजर आए, जबकि भीड़ में मौजूद महिलाएं और बच्चे हाथों में तख्तियां लेकर आकाश आनंद के प्रति अपना उत्साह प्रकट कर रहे थे।

सम्मेलन में प्रमुख रूप से ये पदाधिकारी रहे मौजूद

बसपा के इस कार्यकर्ता सम्मेलन में मुख्य मंडल प्रभारी (आगरा व लखनऊ मंडल) सूरज सिंह जाटव, पूर्व एमएलसी व मुख्य मंडल प्रभारी आगरा मंडल प्रताप सिंह बघेल, विमल वर्मा, हेमेंद्र कुमार, रतन दीप सिंह, सुशील भंडारी, संतोष आनंद, तेजपाल मानव, डॉ. भरतेंद्र अरुण, नेमीचंद चौधरी, रवींद्र सिंह, सुमित सेन, ओपी बघेल, महेश चंद्र, मनीष कमल, केशब दत्त निमेष, पिंकी फौजी और पार्षद ब्रजमोहन सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Check Also

Jammu Kashmir Security: 37 साल में पहली बार घाटी में स्थानीय आतंकी भर्ती ‘शून्य’, अब 35 पाकिस्तानी आतंकियों पर सुरक्षा बलों की नजर; LoC पर अलर्ट

श्रीनगर ब्यूरो। जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद के खिलाफ सुरक्षा बलों के निरंतर और सख्त अभियानों के …