नई दिल्ली। अयोध्या के श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में दान और चढ़ावे में कथित हेराफेरी के मुद्दे को लेकर संसद परिसर में शुक्रवार को जबरदस्त राजनीतिक ड्रामा देखने को मिला। बिहार के पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव भगवा चोला पहनकर साधु और पुजारी के वेश में संसद परिसर स्थित मकर द्वार के बाहर धरने पर बैठ गए। उनके साथ विपक्ष के कई अन्य सांसद भी विरोध में शामिल हुए।
दानपात्र के साथ बैठे पप्पू यादव, राहुल गांधी और सपा सांसदों ने दिया चढ़ावा
पप्पू यादव संसद परिसर में अपने सामने एक मिनी दानपात्र (Donation Box) रखकर बैठे थे, जिस पर ‘चढ़ावा चोर – गद्दी छोड़’ के नारे लिखे हुए थे। इस दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी (SP) के सांसदों समेत ‘इंडिया’ गठबंधन के कई नेताओं ने सांकेतिक रूप से उस दानपेटी में पैसे डालकर इस अनोखे प्रदर्शन का समर्थन किया।
प्रदर्शन के दौरान माहौल को व्यंग्यात्मक बनाते हुए पप्पू यादव ने दानपात्र में आए पैसों को अपनी जेब में रखने की सांकेतिक एक्टिंग भी की, जिससे वहां मौजूद विपक्षी सांसदों के बीच तंज और चुटकियों का माहौल बन गया।
‘चढ़ावा चोर, गद्दी छोड़’ के लगे नारे, उच्च स्तरीय जांच की मांग
इस विरोध प्रदर्शन में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और फैजाबाद (अयोध्या) से सपा सांसद अवधेश प्रसाद समेत कई प्रमुख विपक्षी नेता शामिल हुए। विपक्षी सांसदों ने हाथों में तख्तियां लेकर “चढ़ावा चोर – गद्दी छोड़” और “गृह मंत्री सदन में आओ” के जमकर नारे लगाए।
विपक्ष का आरोप है कि अयोध्या राम मंदिर में श्रद्धालुओं की आस्था और उनके द्वारा चढ़ाए गए करोड़ों रुपये के दान में भारी धांधली हुई है, इसलिए सरकार को इस पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच करानी चाहिए।
voice of india
