
देहरादून। देवभूमि उत्तराखंड में बीते 24 घंटों के दौरान हुए दो भीषण सड़क हादसों ने चारों ओर अफरा-तफरी और कोहराम मचा दिया है। सोमवार देर शाम जहां रुद्रप्रयाग जिले में एक बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा, वहीं मंगलवार को ऋषिकेश-बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर यात्रियों से भरी एक बस पुल से नीचे पानी में जा समाई। इन दोनों दर्दनाक दुर्घटनाओं में कुल 12 लोगों की जान चली गई है, जबकि दो दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
रुद्रप्रयाग में विवाह समारोह से लौट रही बोलेरो 500 मीटर गहरी खाई में गिरी पहला बड़ा हादसा सोमवार देर शाम रुद्रप्रयाग जनपद में पेश आया। यहां बांसवाड़ा-कण्डारा मोटर मार्ग पर एक बोलेरो वाहन अचानक चालक के नियंत्रण से बाहर हो गया और सड़क से करीब 500 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरा। इस हृदयविदारक दुर्घटना में 4 लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि 6 अन्य यात्री गंभीर रूप से जख्मी हो गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दुर्घटना के वक्त बोलेरो में कुल 10 लोग सवार थे। ये सभी ग्रामीण एक विवाह समारोह में शिरकत करने के बाद वापस अपने गांव की ओर लौट रहे थे, तभी बांसवाड़ा-कण्डारा मार्ग पर यह भीषण हादसा घटित हो गया।
घने अंधेरे और खड़ी चट्टानों के बीच देर रात तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन दुर्घटना की सूचना मिलते ही रुद्रप्रयाग के जिला आपदा कंट्रोल रूम ने तत्काल हरकत में आते हुए राहत एवं बचाव की कार्रवाई शुरू की। सूचना पर डीडीआरएफ (DDRF), एसडीआरएफ (SDRF) और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीमें बिना देरी किए मौके के लिए रवाना हुईं। घटनास्थल पर घना अंधेरा होने और दुर्गम खड़ी चट्टान की वजह से बचाव दल को रेस्क्यू ऑपरेशन चलाने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। तमाम चुनौतियों के बावजूद जवानों ने हार नहीं मानी और देर रात तक अभियान जारी रखते हुए स्ट्रेचर की मदद से सभी 6 घायलों को गहरी खाई से सुरक्षित बाहर निकालकर मुख्य सड़क तक पहुंचाया, जहां से उन्हें तत्काल उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
ऋषिकेश-बद्रीनाथ हाईवे पर पुल से 100 मीटर नीचे पानी में गिरी यात्री बस पहाड़ अभी पहले हादसे के सदमे से उबरा भी नहीं था कि मंगलवार को ऋषिकेश-बद्रीनाथ हाईवे पर एक और बड़ा हादसा हो गया। यहां गूलर बाजार के समीप यात्रियों को ले जा रही एक बस बेकाबू होकर पुल से करीब 100 मीटर नीचे पानी में जा गिरी। हादसे की खबर मिलते ही एसडीआरएफ पोस्ट ब्यासी और ढालवाला की रेस्क्यू टीमों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर युद्धस्तर पर बचाव कार्य शुरू किया। बताया जा रहा है कि दुर्घटनाग्रस्त बस में करीब 30 से 35 यात्री सवार थे। इस भीषण हादसे में 8 यात्रियों की जान चली गई, जिनमें से 7 लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि एक गंभीर रूप से घायल व्यक्ति की एम्स (AIIMS) में उपचार के दौरान मौत हो गई। वहीं, हादसे में घायल हुए 18 अन्य यात्रियों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
अतिरिक्त फोर्स रवाना, प्रशासन ने शुरू की हादसे के कारणों की जांच घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ के सेनानायक अर्पण यदुवंशी के निर्देश पर राहत और बचाव अभियान में तेजी लाने के लिए अतिरिक्त टीमों को भी तत्काल घटनास्थल की ओर रवाना किया गया है। वर्तमान में मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है और एसडीआरएफ तथा स्थानीय पुलिस की टीमें आपसी समन्वय के साथ राहत कार्य को अंजाम दे रही हैं। प्रशासन द्वारा दोनों ही दुर्घटनाओं के वास्तविक कारणों की गहन जांच की जा रही है।
voice of india