
जबलपुर। मशहूर मॉडल और एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में देश की सबसे बड़ी जांच एजेंसी सीबीआई (CBI) की ताबड़तोड़ तफ्तीश जारी है। ट्विशा को इंसाफ दिलाने की इस जंग में आज यानी 2 जून का दिन बेहद अहम है। ट्विशा के पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह की 5 दिनों की सीबीआई रिमांड आज खत्म हो रही है। जांच एजेंसी आज दोनों को एक बार फिर जबलपुर हाई कोर्ट में पेश करेगी। लेकिन इससे पहले, बीते 72 घंटों में सीबीआई के बंद कमरे के भीतर जो कुछ भी हुआ, उसने इस हाई-प्रोफाइल केस की परतें खोलकर रख दी हैं। सीबीआई के तीखे और सुलगते सवालों के सामने आरोपी पति और सास लगातार पसीना बहाते नजर आए।
72 घंटे और 72 सवाल: पहली मुलाकात से मौत की रात तक की इनसाइड स्टोरी
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, सीबीआई ने इन 5 दिनों की रिमांड के दौरान समर्थ और गिरिबाला का आमना-सामना कराया। जांच अधिकारियों ने दोनों से पूरे 72 सवाल पूछे। इन सवालों में दोनों की पहली मुलाकात, डेटिंग के दिन, शादी का फैसला, ट्विशा की प्रेग्नेंसी और सबसे अहम—12 मई यानी मौत वाले दिन की एक-एक मिनट की टाइमलाइन शामिल थी। सीबीआई हर उस राज को खंगाल रही है जो ट्विशा की मौत की वजह बना।
शरीर पर चोट के निशान पर चुप्पी, सास बोलीं- ‘वक्त के साथ बदल गई थी ट्विशा’
पूछताछ के दौरान जब सीबीआई ने ट्विशा के शरीर पर मिले चोट के निशानों को लेकर सवाल दागा, तो सास गिरिबाला सिंह निरुत्तर हो गईं और इसका कोई साफ जवाब नहीं दे पाईं। हालांकि, उन्होंने जातिवाद के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। गिरिबाला ने कहा कि ट्विशा ब्राह्मण परिवार से थी और उनके मन में कभी कोई भेदभाव नहीं था। बल्कि वे तो खुश थीं कि उनके घर ब्राह्मण बहू आ रही है।
गिरिबाला ने जांच टीम को बताया कि शुरुआत में ट्विशा का स्वभाव बहुत अच्छा था, लेकिन धीरे-धीरे उसमें अजीब बदलाव आने लगे। सास ने दावा किया कि ट्विशा को पौधे पसंद थे पर वह उनकी देखभाल नहीं करती थी, उसे बच्चे पसंद थे लेकिन वह खुद मां नहीं बनना चाहती थी। सास ने यह भी आरोप लगाया कि शादी के महज 5 महीने के भीतर ट्विशा 5 बार अपने मायके चली गई थी। जब सीबीआई ने पूछा कि अगर समर्थ बेगुनाह था तो वह फरार क्यों हुआ और अग्रिम जमानत क्यों ली? इस पर सास ने माना कि वह उनसे एक बड़ी गलती हो गई थी।
5 महीने में दिए 7 लाख रुपये, मानसिक बीमारी और ड्रग्स पर बड़ा दावा
आर्थिक लेन-देन के सवाल पर सास गिरिबाला ने बताया कि उन्होंने ट्विशा की हमेशा आर्थिक मदद की। शादी से पहले ट्विशा के भाई की शादी में भी मदद की गई थी और जब ट्विशा की नौकरी छूट गई, तो उसे नियमित पैसे दिए जाते थे। उनका दावा है कि 5 महीनों में ट्विशा को करीब 7 लाख रुपये दिए गए। वहीं, ड्रग्स और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े सवालों पर सास ने कहा कि ट्विशा गंभीर अवसाद (Anxiety), पर्सनैलिटी डिसऑर्डर और एडजस्टमेंट प्रॉब्लम से जूझ रही थी। उन्होंने दावा किया कि इसका बकायदा डॉक्टरों से इलाज कराया जा रहा था, जिसके दस्तावेज उनके पास मौजूद हैं।
प्रेग्नेंसी और अबॉर्शन की दवा के बाद बढ़ा विवाद: पति समर्थ का बयान
ट्विशा के पति समर्थ सिंह ने सीबीआई को बताया कि शादी के शुरुआती दिन बेहद खूबसूरत थे। दोनों साथ में जिम जाते थे, मॉर्निंग वॉक करते थे और क्वालिटी टाइम बिताते थे। लेकिन ट्विशा के प्रेग्नेंट होने के बाद चीजें बिगड़ने लगीं। समर्थ के मुताबिक, ट्विशा बच्चे को लेकर असमंजस में थी—कभी वह बच्चा चाहती थी, तो कभी नहीं। समर्थ ने दावा किया कि गर्भपात (Abortion) की दवा लेने के बाद ट्विशा के व्यवहार में चिड़चिड़ापन और मानसिक बदलाव काफी बढ़ गए थे, जिसके बाद उन्होंने मनोचिकित्सकों से भी सलाह ली थी।
12 मई की खौफनाक रात: ‘सामने फंदे पर लटकी थी पत्नी, मैंने पैर पकड़े और…’
समर्थ ने मौत वाले दिन यानी 12 मई की पूरी कहानी सीबीआई के सामने बयां की। समर्थ ने कहा, “उस दिन ट्विशा पार्लर गई थी। वहां से लौटने के बाद हम दोनों ने करीब 45 मिनट तक घर के बाहर वॉक किया, साथ खाना खाया और टीवी देखा। इसके बाद अचानक ट्विशा की मां का फोन आया कि वह रो रही है। मुझे समझ नहीं आया कि अचानक क्या हुआ और उसने यह खौफनाक कदम उठा लिया।”
समर्थ ने आगे बताया, “जब मैंने ट्विशा को फंदे से लटका देखा, तो मुझे लगा कि उसकी सांसें चल रही हैं। मैंने और मेरी मां ने तुरंत उसे बचाने की कोशिश की। मैंने उसके पैर ऊपर उठाए और मां ने गले से बेल्ट हटाई। हमने उसे सीपीआर (CPR) भी दिया और तुरंत अस्पताल भागे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।” समर्थ का दावा है कि घर में लगे सीसीटीवी फुटेज में यह पूरी घटना कैद है, जो उसकी बेगुनाही का सबूत है। अलग-अलग कमरों में सोने के सवाल पर समर्थ ने भावुक होते हुए कहा कि वह खुद करियर और कुछ मामलों में असफल होने के कारण परेशान था, ऊपर से ट्विशा बच्चे को लेकर लगातार बहस कर रही थी। लेकिन इन सबके बावजूद, वह अपनी पत्नी ट्विशा से बेहद प्यार करता था। फिलहाल, आज कोर्ट में पेशी के बाद साफ होगा कि सीबीआई इन बयानों से कितनी संतुष्ट है और क्या आरोपियों की रिमांड आगे बढ़ाई जाएगी।
voice of india