चेन्नई। तमिलनाडु की राजनीति में एक नए युग का आगाज़ होने जा रहा है। अभिनेता से राजनेता बने विजय की पार्टी ‘तमिलगा वेट्री कज़गम’ (TVK) अब राज्य में सरकार बनाने के लिए पूरी तरह तैयार है। बहुमत के जादुई आंकड़े से चंद सीटें दूर रही TVK को कांग्रेस का बिना शर्त तो नहीं, लेकिन निर्णायक समर्थन मिल गया है। कांग्रेस के इस फैसले के बाद अब विजय का मुख्यमंत्री बनना लगभग तय माना जा रहा है।
कांग्रेस ने दिया आधिकारिक समर्थन पत्र, रखी यह बड़ी शर्त
काफी दिनों से चल रहे कयासों पर विराम लगाते हुए कांग्रेस ने आधिकारिक तौर पर TVK को समर्थन देने का ऐलान कर दिया है। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल के दावों के बाद अब समर्थन का पत्र भी सामने आ गया है। हालांकि, यह दोस्ती एक सख्त शर्त के साथ हुई है। कांग्रेस ने मांग रखी है कि इस गठबंधन सरकार में किसी भी “सांप्रदायिक ताकत” को शामिल नहीं किया जाएगा। माना जा रहा है कि यह इशारा सीधे तौर पर भाजपा की ओर है।

दिल्ली से चेन्नई तक मंथन: खड़गे और राहुल की रजामंदी
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, राहुल गांधी शुरू से ही विजय की पार्टी को समर्थन देने के पक्ष में थे। हालांकि, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे चाहते थे कि यह फैसला दिल्ली से थोपने के बजाय स्थानीय नेताओं की सहमति से लिया जाए। इसके बाद दिल्ली में हाई-लेवल मंथन हुआ और फिर तमिलनाडु कांग्रेस कमेटी की ऑनलाइन बैठक में इस पर अंतिम मुहर लगा दी गई। खबर है कि कांग्रेस ने सरकार में दो मंत्री पदों की मांग की है, जिसे लेकर प्रभारी गिरीश चोदनकर और प्रवीण चक्रवर्ती लगातार विजय के संपर्क में हैं।
7 मई को ‘शुभ मुहूर्त’ में शपथ, राहुल गांधी भी हो सकते हैं शामिल
तमिलनाडु के सियासी गलियारों में चर्चा है कि विजय 7 मई (गुरुवार) को मुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। दरअसल, विजय गुरुवार के दिन को शुभ मानते हैं और इसी वजह से उन्होंने शपथ ग्रहण के लिए यह दिन चुना है। भव्य शपथ ग्रहण समारोह चेन्नई के प्रतिष्ठित नेहरू स्टेडियम में आयोजित होने की संभावना है। पार्टी ने अपने सभी विधायकों को चेन्नई न छोड़ने और हाई-अलर्ट पर रहने का निर्देश दिया है। इस ऐतिहासिक पल का गवाह बनने के लिए खुद राहुल गांधी भी चेन्नई पहुंच सकते हैं।
विजय की सरकार: तमिलनाडु के लिए क्या हैं इसके मायने?
विजय का मुख्यमंत्री पद संभालना द्रविड़ राजनीति के गढ़ में एक बड़ा बदलाव माना जा रहा है। लंबे समय से DMK और AIADMK के इर्द-गिर्द घूमने वाली तमिलनाडु की सत्ता में अब TVK और कांग्रेस का यह नया समीकरण क्या गुल खिलाएगा, इस पर पूरे देश की नजरें टिकी हैं।
voice of india
