लखनऊ। उत्तर प्रदेश की रफ्तार के गलियारों यानी एक्सप्रेसवे पर सफर करना अब आम जनता और व्यापारियों के लिए थोड़ा और महंगा हो गया है। उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवेज औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) ने प्रदेश के चार प्रमुख एक्सप्रेसवे पर नई टोल दरें लागू कर दी हैं। वर्ष 2026-27 के लिए संशोधित ये दरें 1 अप्रैल 2026 से प्रभावी हो गई हैं। यूपीडा द्वारा गुरुवार को जारी आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पिछले वर्ष के मुकाबले टोल दरों में लगभग दो प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है।
महंगाई और रखरखाव के चलते बढ़ीं दरें
यूपीडा के प्रवक्ता के अनुसार, यह बढ़ोतरी महंगाई और एक्सप्रेसवे के बेहतर रखरखाव की बढ़ती लागत को संतुलित करने के लिए की गई है। सरकार का तर्क है कि यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं और सुरक्षा देने के लिए यह मामूली मूल्य वृद्धि आवश्यक है। इन नई दरों का सीधा असर उन लाखों यात्रियों और मालवाहकों पर पड़ेगा जो दिल्ली-NCR को पूर्वांचल और बुंदेलखंड से जोड़ने वाले इन रूटों का इस्तेमाल करते हैं।
चारों प्रमुख एक्सप्रेसवे की नई रेट लिस्ट
आगरा-लखनऊ, पूर्वांचल, बुन्देलखण्ड और गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे पर पूरे रूट (प्रथम टोल से अंतिम टोल तक) की यात्रा के लिए एक फेरा टोल की संशोधित दरें जारी कर दी गई हैं।
1. कार, जीप और वैन (हल्के मोटर वाहन):
-
आगरा-लखनऊ: ₹675
-
पूर्वांचल: ₹700
-
बुन्देलखण्ड: ₹635
-
गोरखपुर लिंक: ₹295
2. दो पहिया, तीन पहिया और ट्रैक्टर:
-
आगरा-लखनऊ: ₹335
-
पूर्वांचल: ₹350
-
बुन्देलखण्ड: ₹315
-
गोरखपुर लिंक: ₹145
3. हल्के व्यावसायिक वाहन और मिनी बस:
-
आगरा-लखनऊ: ₹1065
-
पूर्वांचल: ₹1105
-
बुन्देलखण्ड: ₹1000
-
गोरखपुर लिंक: ₹440
4. बस और ट्रक (भारी वाहन):
-
आगरा-लखनऊ: ₹2150
-
पूर्वांचल: ₹2240
-
बुन्देलखण्ड: ₹2025
-
गोरखपुर लिंक: ₹845
विशाल वाहनों को देना होगा सबसे ज्यादा टोल
भारी निर्माण मशीनरी, अर्थ मूवर्स और 3 से 6 धुरी वाले बहुधुरीय वाहनों के लिए दरें ₹1345 से लेकर ₹3430 तक तय की गई हैं। वहीं, 7 या उससे अधिक धुरी वाले ओवरसाइज्ड (विशाल) वाहनों के लिए टोल की दरें सबसे अधिक हैं। इन्हें आगरा-लखनऊ पर ₹4230, पूर्वांचल पर ₹4400, बुन्देलखण्ड पर ₹3980 और गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे पर ₹1755 का भुगतान करना होगा।
यूपीडा ने स्पष्ट किया है कि ये दरें एक फेरे (Single Trip) के लिए प्रभावी हैं। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अपने फास्टैग (FASTag) को पर्याप्त बैलेंस के साथ अपडेट रखें ताकि टोल प्लाजा पर निर्बाध यात्रा सुनिश्चित हो सके।
voice of india
