Thursday , 28 May 2026

बंगाल चुनाव : IPS अजय पाल शर्मा की ‘सिंघम’ स्टाइल चेतावनी पर भड़के TMC नेता जहांगीर खान, बोले- ‘पिक्चर अभी बाकी है…’

कोलकाता/दक्षिण 24 परगना। पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण के मतदान से ठीक पहले सियासी पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया है। यूपी के चर्चित आईपीएस अधिकारी और बंगाल चुनाव में ऑब्जर्वर के तौर पर तैनात अजय पाल शर्मा के एक कड़क अंदाज वाले वीडियो ने राज्य की राजनीति में भूचाल ला दिया है। टीएमसी उम्मीदवार जहांगीर खान के घर पहुंचकर उन्हें चेतावनी देने वाले इस वीडियो पर अब पलटवार का दौर शुरू हो गया है। जहांगीर खान ने फिल्मी अंदाज में जवाब देते हुए कहा है, “खेल तुमने शुरू किया है, लेकिन खत्म हम करेंगे।”

‘सिंघम’ की सीधी चेतावनी: “बदमाशी की तो कायदे से होगा इलाज”

यूपी कैडर के ‘एनकाउंटर स्पेशलिस्ट’ माने जाने वाले आईपीएस अजय पाल शर्मा इस समय दक्षिण 24 परगना जिले में चुनावी ड्यूटी पर हैं। फाल्टा सीट से टीएमसी उम्मीदवार जहांगीर खान के समर्थकों द्वारा लोगों को धमकाने की शिकायत मिलने पर अजय पाल शर्मा सीधे उनके घर जा पहुंचे।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में वे बेहद सख्त लहजे में कहते नजर आ रहे हैं, “आसपास के लोग अच्छी तरह समझ लें, अगर किसी ने बदमाशी की तो कायदे से इलाज किया जाएगा। अगर खबर मिली कि किसी ने खुराफात की या किसी को परेशान किया, तो हम उसकी अच्छे से खबर लेंगे। जहांगीर के घरवाले यहां खड़े हैं, उसे बता देना कि ये बार-बार जो धमकाने की खबरें आ रही हैं, उसे बंद करे, वरना बाद में रोना और पछताना मत।”

जहांगीर खान का पलटवार: “मां दुर्गा के रूप में केंद्रीय बलों से निपटेंगी महिलाएं”

आईपीएस शर्मा की इस चेतावनी के बाद टीएमसी नेता जहांगीर खान ने एक जनसभा में जोरदार हुंकार भरी। उन्होंने फिल्मी डायलॉग मारते हुए कहा, “पिक्चर अभी बाकी है मेरे दोस्त, अभी तो खेल शुरू हुआ है।” जहांगीर ने आगे कहा कि केंद्रीय बल और कुछ अधिकारी बीजेपी के इशारे पर काम कर रहे हैं, लेकिन वे यह भूल रहे हैं कि असली ताकत जनता है। उन्होंने विवादित बयान देते हुए कहा कि अगर इलाके के लोग सड़कों पर उतर आए तो केंद्रीय बल उड़ जाएंगे। उन्होंने स्थानीय महिलाओं की तुलना मां दुर्गा से करते हुए कहा कि जैसे मां दुर्गा ने राक्षसों का संहार किया था, वैसे ही यहां की माताएं इन बाहरी ताकतों से निपटना जानती हैं।

अखिलेश यादव ने भी घेरा, बोले- “रामपुर-संभल वाले एजेंट भेजे गए”

अजय पाल शर्मा की बंगाल में तैनाती पर उत्तर प्रदेश की राजनीति भी गर्म हो गई है। समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा ने बंगाल में ऑब्जर्वर के नाम पर अपने उन अधिकारियों को भेजा है जिन्होंने रामपुर और संभल के चुनावों में बीजेपी के ‘एजेंट’ के तौर पर काम किया था। अखिलेश ने एक्स (Twitter) पर लिखा कि इन अधिकारियों के भेजने से कुछ नहीं होने वाला, बंगाल में ‘दीदी’ हैं और ‘दीदी’ ही रहेंगी।

कौन हैं अजय पाल शर्मा? जिन्हें बंगाल में मिली है कमान

अजय पाल शर्मा को यूपी में ‘सिंघम’ के नाम से जाना जाता है। वे अपने कार्यकाल के दौरान दर्जनों एनकाउंटर और अपराधियों में खौफ पैदा करने के लिए चर्चा में रहे हैं। चुनाव आयोग ने उनकी छवि और सख्त कार्यशैली को देखते हुए उन्हें बंगाल के संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी सौंपी है। हालांकि, टीएमसी इसे ‘बीजेपी की रणनीति’ करार दे रही है।

Check Also

IPL 2026 Eliminator SRH vs RR: वैभव सूर्यवंशी के तूफान में उड़ी सनराइजर्स हैदराबाद, राजस्थान रॉयल्स ने 47 रनों से रौंदकर क्वालिफायर-2 में मारी एंट्री

न्यू चंडीगढ़: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) के नॉकआउट स्टेज का रोमांच अपने चरम पर …