Tuesday , 20 October 2026

टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस: 24 घंटे में कोटा स्टेशन से कैसे दबोचे गए तीनों शूटर ? नेपाल भागने का था प्लान, लेकिन….

मुंबई के जुहू इलाके में फुटबॉल ग्राउंड से बाहर निकलते समय बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर जानलेवा हमला करने वाले तीनों शूटरों को पुलिस ने महज कुछ घंटों के भीतर धर दबोचा। रविवार शाम करीब 7 बजे वारदात को अंजाम देकर फरार हुए आरोपियों को सोमवार सुबह राजस्थान के कोटा रेलवे स्टेशन पर पुणे-जयपुर एक्सप्रेस ट्रेन से गिरफ्तार कर लिया गया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान हरियाणा निवासी 18 वर्षीय फूल सिंह, रेहान अंसारी और बिहार निवासी 22 वर्षीय ऋतिक कुमार उर्फ रोशन रामू महतो के रूप में हुई है।

वारदात से फरारी तक का पूरा रूट

पुलिस की जांच के अनुसार, ग्राउंड से बाहर निकलते वक्त फूल सिंह और रेहान अंसारी ने अभिनेता पर फायरिंग की थी, जबकि रोशन महतो पास ही पीली पल्सर बाइक स्टार्ट कर उनके भागने का इंतजार कर रहा था। गोलीबारी के तुरंत बाद तीनों अंधेरी के डीएन नगर पहुंचे, जहां उन्होंने बाइक लावारिस छोड़ दी। वहां से पैदल लोकल स्टेशन पहुंचकर वे कांदिवली जाने वाली ट्रेन में सवार हुए। कांदिवली उतरने के बाद आरोपियों ने गुजरात के सूरत के लिए एक प्राइवेट टैक्सी किराए पर ली और देर रात करीब 1:30 बजे पुणे-जयपुर एक्सप्रेस के जनरल कोच में सवार हो गए। उनका मंसूबा पहले दिल्ली पहुंचने और फिर वहां से सीमा पार कर नेपाल भागने का था।

25 हजार की बाइक और चालू फोन ने बिगाड़ा खेल

वारदात के खुलासे की अहम कड़ी वह पीली बजाज पल्सर बाइक बनी, जिसे आरोपी डीएन नगर में छोड़ गए थे। तफ्तीश में सामने आया कि यह सेकंड-हैंड बाइक महतो ने 11 सितंबर को 25,000 रुपये में खरीदी थी, हालांकि इसके कागजात ट्रांसफर नहीं हुए थे। क्राइम ब्रांच ने बाइक के पुराने मालिक से संपर्क कर महतो का मोबाइल नंबर हासिल किया। महतो का फोन लगातार एक्टिव था, जिससे पुलिस को उसकी सटीक लोकेशन और मूवमेंट का पता चलता रहा। रेलवे स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज और लोकेशन ट्रैकिंग के जरिए पुलिस ने उस ट्रेन और जनरल बोगी की पहचान कर ली जिसमें तीनों सवार थे।

कोटा में RPF और स्थानीय पुलिस का संयुक्त ऑपरेशन

सूरत रेलवे स्टेशन से पुष्टि होने के बाद मुंबई पुलिस ने तुरंत राजस्थान पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) से संपर्क साधा। जैसे ही पुणे-जयपुर एक्सप्रेस सोमवार सुबह करीब 9:30 बजे राजस्थान के कोटा स्टेशन पर रुकी, पहले से मुस्तैद सुरक्षाबलों ने बोगी को घेरकर तीनों को हिरासत में ले लिया।

37 हजार रुपये की सुपारी और विदेश भेजने का झांसा

शुरुआती पूछताछ में आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड और सुपारी की बात सामने आई है। आरोपी फूल सिंह पर सोनीपत में बाइक चोरी और रेहान अंसारी पर राजस्थान में आर्म्स एक्ट का केस दर्ज है, जबकि महतो मुंबई में बाइक टैक्सी चलाता था। पूछताछ में खुलासा हुआ कि इस पूरी वारदात को अंजाम देने के लिए शूटरों को मात्र 37,000 रुपये की रकम, विदेश भेजने का झांसा और बेहतर भविष्य का लालच दिया गया था। इस हमले से पहले आरोपियों ने इलाके की कई दिनों तक रेकी भी की थी।

Check Also

हमीरपुर में 72 घंटे के भीतर 3 मर्डर और 3 गोलीकांड से दहला इलाका: शराब पार्टी में मर्डर, फावड़े से वार और फल विक्रेता की हत्या पर फूटा गुस्सा, सड़क जाम

उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में बेखौफ अपराधियों ने कानून व्यवस्था को खुली चुनौती देते …