बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर मुंबई में हुई सनसनीखेज फायरिंग की वारदात की जांच की आंच अब उत्तर प्रदेश के कानपुर तक पहुंच गई है। मामले में हमलावरों को असलहा मुहैया कराने के आरोप में सीतापुर से दबोची गई महिला राधा के तार कानपुर के बिल्हौर स्थित दादारपुर कटहा गांव से जुड़ रहे हैं। जांच में सामने आया है कि राधा करीब तीन साल पहले गांव के ही एक युवक के साथ यहां आकर रही थी। हालांकि, घरेलू कलह और विवादों के बाद दोनों गांव छोड़कर चले गए थे। अब मुंबई और स्थानीय पुलिस की टीमें राधा की पुरानी कड़ियों, उसकी पारिवारिक पृष्ठभूमि और पुराने संपर्कों का कच्चा-चिट्ठा खंगालने में जुट गई हैं।
सोशल मीडिया पर हुई थी दोस्ती, घर लाया था 20 साल का विशाल
दादारपुर कटहा निवासी किसान देवनारायण गौतम के अनुसार, उनके 20 वर्षीय बेटे विशाल गौतम की जान-पहचान सोशल मीडिया के जरिए इस महिला से हुई थी। करीब तीन साल पहले विशाल उसे अपने साथ गांव स्थित पैतृक घर लेकर पहुंचा था। दोनों कुछ दिन साथ रहे, लेकिन जल्द ही घर में रोज-रोज के झगड़े और विवाद शुरू हो गए। विवाद इस कदर बढ़ गया कि मामला स्थानीय थाने तक जा पहुंचा और पुलिस से शिकायत करनी पड़ी। पुलिसिया दखल के बाद विशाल उस महिला को साथ लेकर गांव छोड़कर चला गया। लगातार विवादों और हरकतों से तंग आकर देवनारायण ने कानूनी नोटिस भेजकर अपने बेटे विशाल को चल-अचल संपत्ति से बेदखल कर दिया था, जिसके बाद से उसका परिवार से नाता लगभग टूट गया।
25 दिन पहले अस्पताल में दिखा था बेटा, ग्रामीणों ने 10 दिन पहले भी देखा
देवनारायण ने बताया कि सांस की गंभीर बीमारी के चलते जब उन्हें करीब 25 दिन पहले कानपुर के मुरारी लाल चेस्ट अस्पताल में भर्ती कराया गया था, तब विशाल अचानक उनसे मिलने अस्पताल पहुंचा था। हालांकि, कुछ देर हाल-चाल लेने के बाद वह फिर कहीं गायब हो गया। वहीं, गांव के बाशिंदों का कहना है कि करीब 10 से 12 दिन पहले भी विशाल को गांव के आसपास देखा गया था। पिता देवनारायण ने बताया कि उनके बेटे के साथ आई महिला अपना नाम बिट्टो बताती थी, जबकि सीतापुर पुलिस के हत्थे चढ़ने के बाद उसकी पहचान राधा के रूप में उजागर हुई है।
चार बच्चे, दो शादियां और मौसेरे भाई संग भागने की चर्चा
ग्रामीणों और आसपास के लोगों के बीच महिला के अतीत को लेकर कई चौंकाने वाले दावे किए जा रहे हैं। स्थानीय चर्चाओं के अनुसार, महिला का अपने पहले पति सुनील से करीब दो साल पहले रिश्ता टूट चुका था। यह भी कहा जा रहा है कि पहली शादी के कुछ समय बाद वह अपने एक साल के मासूम बेटे को लेकर अपने मौसेरे भाई के साथ चली गई थी। महिला के पहले पति से कुल चार बच्चे होने की बात भी सामने आ रही है, हालांकि जांच एजेंसियां अभी इन व्यक्तिगत जानकारियों की आधिकारिक पुष्टि करने में जुटी हैं। देवनारायण खेती-किसानी कर परिवार चलाते हैं; उनके परिवार में पत्नी चमेली के अलावा छह बेटियां हैं, जिनमें से पांच की शादी हो चुकी है और सबसे छोटी बेटी शिखा अभी अविवाहित है। विशाल उनका इकलौता बेटा और छठवें नंबर की संतान है।
दादारपुर कटहा गांव में सादी वर्दी में खुफिया पड़ताल
राधा की गिरफ्तारी और मुंबई के हाई-प्रोफाइल फायरिंग मामले में उसके नाम का खुलासा होते ही जांच एजेंसियों के कान खड़े हो गए हैं। सूत्रों के मुताबिक, सादी वर्दी में पुलिसकर्मियों की एक विशेष टीम ने दादारपुर कटहा गांव में गोपनीय तरीके से दस्तक दी। पुलिस ने देवनारायण के घर और आसपास के लोगों से राधा के यहां रहने के दिनों, उसकी गतिविधियों, आने-जाने वाले संदिग्ध लोगों और विशाल के मौजूदा ठिकानों के बारे में सघन पूछताछ की है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि क्या इस आपराधिक नेटवर्क की जड़ें कानपुर देहात और बिल्हौर के ग्रामीण इलाकों में भी फैली हुई हैं।
voice of india

