मुंबई। नीट (NEET) परीक्षा धांधली और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर से उठी विरोध की चिंगारी अब पूरे देश में फैल चुकी है। बीते दिनों मायानगरी मुंबई में मूसलाधार बारिश के बीच छात्रों का उग्र प्रदर्शन देखने को मिला। इसी दौरान सामने आई एक तस्वीर ने पूरे देश का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। वायरल तस्वीर में एक निडर युवती पुलिस के वाहन के आगे ढाल बनकर खड़ी नजर आई और पुलिस हिरासत में लिए गए छात्रों को छुड़ाकर ही मानी।
कौन हैं पुलिस के सामने बेखौफ खड़ी होने वाली रिया अहीर?
मायानगरी की सड़कों पर पुलिस की वैन का रास्ता रोकने वाली इस साहसी युवती का नाम रिया अहीर है। 27 वर्षीय रिया केवल एक सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर ही नहीं, बल्कि एक अभिनेत्री, मॉडल और सफल आंत्रप्रन्योर (उद्यमी) भी हैं। सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों पर बेबाकी से अपनी राय रखने वाली रिया का ‘रियासत’ नाम से अपना खुद का हैंडमेड क्लोदिंग ब्रांड भी है। सोशल मीडिया पर लाखों प्रशंसकों की पसंदीदा रिया का मॉडलिंग करियर भी काफी सफल रहा है।
म्यूजिक वीडियो से लेकर धार्मिक आस्था तक, जानें रिया का सफर
रिया अहीर की पहचान केवल ग्लैमर वर्ल्ड तक सीमित नहीं है। वे कई लोकप्रिय म्यूजिक वीडियो में अपनी अदाकारी का जलवा बिखेर चुकी हैं। पिछले साल फरवरी में रिलीज हुआ उनका म्यूजिक एल्बम ‘दिलबरा’ काफी मशहूर हुआ था। इसके अलावा वे ग्रामीण पृष्ठभूमि पर बनी सामाजिक ड्रामा शॉर्ट फिल्म ‘दीदी’ में भी अहम भूमिका निभा चुकी हैं। रिया स्वभाव से काफी धार्मिक हैं और अक्सर विभिन्न मंदिरों में दर्शन व पूजा-अर्चना करते हुए उनके वीडियो सामने आते रहते हैं।
उस दिन दादर की सड़क पर क्या हुआ था?
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, घटना वाले दिन रिया दादर के कोहिनूर चौराहे से शिवाजी पार्क की तरफ जा रही थीं। उसी दौरान उन्होंने देखा कि पुलिस प्रदर्शन कर रहे बेबस छात्रों को जबरन वैन में डालकर ले जा रही है। छात्रों की आवाज को दबाया जाता देख रिया खुद को रोक नहीं सकीं और सीधे चलती वैन के आगे आकर खड़ी हो गईं। पुलिसकर्मियों ने जब उनसे कहा कि वे आगे ले जाकर छात्रों को छोड़ देंगे, तो रिया इस बात पर अड़ गईं कि युवाओं को अभी और इसी वक्त छोड़ा जाए। उनके इस कड़े रुख के आगे पुलिस प्रशासन को झुकना पड़ा और हिरासत में लिए गए सभी प्रदर्शनकारियों को तुरंत रिहा करना पड़ा।
‘अंदर से कांप रही थी, पर कदम पीछे नहीं हटाए’— रिया अहीर
उस खौफनाक और बहादुरी भरे पल को याद करते हुए रिया अहीर ने बताया कि छात्रों के नारों और उनके न्याय के लिए जुनून ने उन्हें अपनी ओर खींच लिया। उन्होंने सोचा कि अगर अन्याय के खिलाफ खड़े होना है, तो इसकी शुरुआत इसी क्षण से करनी होगी। रिया ने कहा, “जब मैं पुलिस की वैन के सामने खड़ी हुई, तो सच कहूं तो मैं अंदर से थर-थर कांप रही थी। लेकिन मेरे मन में यह साफ था कि जो मैं कर रही हूं, वह पूरी तरह सही है। पुलिस ने गाड़ियाँ आगे बढ़ाने की कोशिश भी की, लेकिन मैं टस से मस नहीं हुई।”
voice of india
