
बिहार के भोजपुर जिला मुख्यालय आरा में मंगलवार देर रात एक शादी समारोह के दौरान ताबड़तोड़ गोलियों की तड़तड़ाहट से पूरा इलाका दहल उठा। जहां एक ओर बैंड-बाजे और शहनाई की गूंज के बीच शादी की रस्में चल रही थीं, वहीं अचानक हुई अंधाधुंध फायरिंग में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। गोलियां चलते ही समारोह स्थल पर भगदड़ और अफरातफरी मच गई तथा मेहमान जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। इस खूनी वारदात के बाद देखते ही देखते शादी के घर की खुशियां चीख-पुकार और मातम में तब्दील हो गईं।
जयमाला और भोजन के बाद दो बाइकों पर पहुंचे छह हथियारबंद अपराधी
मिली जानकारी के अनुसार, यह सनसनीखेज वारदात भोजपुर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत चकिया गांव की है। बताया जा रहा है कि चकिया गांव निवासी नरेश यादव की बेटी नेहा की शादी थी, जिसकी बारात कृष्णगढ़ थाना क्षेत्र के पद्मिनिया गांव से आई थी। बारात के स्वागत के बाद धूमधाम से जयमाला का कार्यक्रम संपन्न हुआ और सभी मेहमान भोजन करने के बाद आपस में बातचीत कर रहे थे। ठीक इसी समय दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर छह हथियारबंद बदमाश समारोह में आ धमके और बिना किसी बातचीत के सीधे फायरिंग शुरू कर दी। इस अचानक हुए हमले से पूरे गांव और आसपास के इलाके में दहशत फैल गई है।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही दो युवकों ने तोड़ा दम, एक की हालत नाजुक
बदमाशों द्वारा की गई ताबड़तोड़ गोलीबारी इतनी अचानक थी कि वहां मौजूद किसी भी व्यक्ति को संभलने तक का मौका नहीं मिला। गोलियों की गूंज के बीच तीन युवक इसकी चपेट में आ गए। इनमें से एक युवक को बाएं कान और सिर के दाहिने हिस्से में गोली लगी, जबकि दूसरे युवक के पेट, दाहिने हाथ की बांह, बाएं कंधे और कोहनी के पास कई गोलियां लगीं। गंभीर रूप से लहूलुहान हुए दोनों युवकों ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के शुभकरणगंज गांव निवासी सनोज यादव के 20 वर्षीय पुत्र राहुल कुमार और महंत यादव के 21 वर्षीय पुत्र दीपक कुमार के रूप में की गई है। वहीं, इस गोलीबारी में दौलतपुर गांव निवासी सुरेंद्र यादव का 18 वर्षीय बेटा सोनू कुमार भी गंभीर रूप से जख्मी हुआ है, जिसकी दाहिनी जांघ में गोली लगी है। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को आनन-फानन में आरा सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने राहुल और दीपक को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल सोनू का इलाज जारी है।
पुरानी रंजिश की आशंका, अपराधियों को दबोचने के लिए एसआईटी गठित
वारदात की सूचना मिलते ही एसडीपीओ वन सुशील कुमार भारी पुलिस बल के साथ पहले आरा सदर अस्पताल पहुंचे और घायल सोनू से घटनाक्रम की जानकारी ली। इसके बाद पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और गहन छानबीन शुरू की। एसडीपीओ ने बताया कि शादी समारोह में तीन युवकों को गोली मारी गई थी, जिनमें से दो की जान चली गई है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में इस हत्याकांड के पीछे पुराने विवाद की बात सामने आ रही है, हालांकि पुलिस दो-तीन अन्य पहलुओं को भी ध्यान में रखकर जांच कर रही है। फरार अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए विशेष जांच दल (SIT) का गठन कर दिया गया है। पुलिस को तफ्तीश में कुछ संदिग्धों के नाम भी पता चले हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।
voice of india