बदायूं। उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में खाकी ने एक बार फिर खूंखार अपराधियों को कड़ा संदेश दिया है। बदायूं-बिजनौर हाईवे पर स्थित प्रस्तावित जेल के पास जंगलों में आधी रात को हुई एक सनसनीखेज मुठभेड़ में पुलिस ने 50 हजार रुपये के इनामी और खूंखार डकैत जितेंद्र उर्फ ढालू को मार गिराया। आमने-सामने की इस भीषण गोलीबारी में शेखूपुर पुलिस चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक नीरज कुमार और कांस्टेबल अविनाश भी घायल हुए हैं। दोनों के बाएं हाथ को छूती हुई बदमाश की गोली निकल गई, जिन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मारे गए डकैत के पास से पुलिस ने एक ऑटोमेटिक पिस्टल, बिना नंबर की बाइक और हाल ही में लूटे गए सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए हैं।
ताक में बैठी थी सिविल लाइंस पुलिस, घेरते ही बदमाश ने झोंक दिया फायर
पुलिस को मुखबिर के जरिए पुख्ता सूचना मिली थी कि इस्लामनगर में हुई दिल दहला देने वाली डकैती का मुख्य सूत्रधार जितेंद्र उर्फ ढालू किसी नई बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए बदायूं-बिजनौर हाईवे के पास जंगलों में छिपा है। सूचना मिलते ही सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस ने भारी फोर्स के साथ इलाके की घेराबंदी शुरू की। खुद को चारों तरफ से घिरता देख और पुलिस की ललकार सुनकर शातिर अपराधी ढालू ने आत्मसमर्पण करने के बजाय जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी, जिसमें दारोगा और सिपाही जख्मी हो गए।
जवाबी कार्रवाई में सीने में लगी गोली, अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
बदमाश की तरफ से हो रही लगातार फायरिंग के बाद पुलिस ने भी आत्मरक्षार्थ जवाबी मोर्चा संभाला। दोनों तरफ से हुई कई राउंड की गोलीबारी के दौरान पुलिस की एक गोली ढालू के सीने में जा धंसी। गोली लगते ही वह लहुलूहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। पुलिस टीम उसे आनन-फानन में इलाज के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मासूम पर तानी थी बंदूक, महिलाओं को बेरहमी से पीटा; 19 लाख की डकैती से कांपा था इलाका
एसएसपी अंकिता शर्मा ने एनकाउंटर की पुष्टि करते हुए बताया कि मारा गया बदमाश जितेंद्र उर्फ ढालू मूल रूप से हापुड़ के धौलाना का रहने वाला था और वर्तमान में संभल के बनियाठर में रह रहा था। इसी साल 19 मई की काली रात को ढालू ने अपने गैंग के सात हथियारबंद गुर्गों के साथ इस्लामनगर थाना क्षेत्र के एक किसान निजाकत के घर धावा बोला था। बदमाशों ने करीब दो घंटे तक घर में मौत का तांडव मचाया और एक साल के मासूम बच्चे की कनपटी पर बंदूक तानकर पूरे परिवार को बंधक बना लिया था। विरोध करने पर महिलाओं समेत परिवार के 6 लोगों को तमंचे की बट और लाठी-डंडों से लहूलुहान कर दिया था और करीब 19 लाख रुपये के कैश व जेवरात डकैती डालकर फरार हो गए थे।
सात साथी पहले ही जा चुके हैं जेल, ढालू का हुआ अंत
इस जघन्य वारदात के बाद से ही बदायूं पुलिस इस गैंग के पीछे हाथ धोकर पड़ी थी। पुलिस इस मामले में ढालू के गिरोह के 7 बदमाशों को पहले ही गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज चुकी थी, लेकिन मास्टरमाइंड ढालू लगातार पुलिस को चकमा दे रहा था। आईजी और एसएसपी स्तर से उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। आखिरकार बदायूं पुलिस ने इस खूंखार अपराधी का अंत कर इलाके के लोगों को बड़ी राहत दी है।
voice of india
