Saturday , 2 May 2026

देवर से ‘इश्क’ का खूनी अंत: बेवफा पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर उजाड़ा अपना ही सुहाग, मासूम बेटे के पास सो रहे पति का रेता गला

अमरोहा (हसनपुर)। उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में एक बार फिर अवैध संबंधों की खातिर अपनों के खून से हाथ रंगने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के पिपलौती कलां गांव में एक पत्नी ने अपने प्रेमी और उसके साथी के साथ मिलकर पति की बेरहमी से हत्या कर दी। इस वारदात ने 2008 के चर्चित बावनखेड़ी शबनम कांड की खौफनाक यादें ताजा कर दी हैं। पुलिस ने आरोपी पत्नी, उसके प्रेमी और एक अन्य सहयोगी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।


दूध में नींद की गोलियां और फिर खूनी खेल

पुलिस जांच और आरोपियों के कबूलनामे के अनुसार, मृतक राजमिस्त्री मेहराज (30) को अपनी पत्नी रूही और उसकी बड़ी बहन के देवर फरमान के बीच अवैध संबंधों का पता चल गया था। मेहराज इसका कड़ा विरोध करता था, जिसके चलते रूही ने उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची।

  • साजिश: शनिवार रात रूही ने योजनाबद्ध तरीके से मेहराज को दूध में नींद की गोलियां खिला दीं।

  • हत्या: जब मेहराज गहरी नींद में सो गया, तब रूही ने अपने प्रेमी फरमान और उसके साथी अदनान को घर बुलाया और चाकू से गला रेतकर मेहराज की हत्या कर दी।

मासूम बेटे की आंखों के सामने पिता का कत्ल

इस घटना का सबसे हृदयविदारक पहलू यह रहा कि जिस चारपाई पर मेहराज का गला रेता गया, उसी पर उसका 5 वर्षीय बेटा फरहान भी सो रहा था। हत्या के दौरान पिता के खून के छींटे मासूम के कपड़ों पर भी पड़े। सुबह जब बच्चे की आंख खुली, तो बिस्तर खून से लथपथ था और पिता की लाश पास ही पड़ी थी। इस खौफनाक मंजर से 5 साल का फरहान और उसका 3 साल का छोटा भाई अली गहरे सदमे में हैं।

लूट की झूठी कहानी और ‘घड़ियाली आंसू’

हत्या के बाद आरोपी पत्नी रूही ने शातिर दिमाग का परिचय देते हुए इसे लूट का रूप देने की कोशिश की। उसने शोर मचाया कि रात में आए लुटेरों ने उसके कुंडल छीन लिए और मोबाइल व नकदी लूटकर उसके पति की हत्या कर दी। रविवार सुबह जब ग्रामीण और रिश्तेदार पहुंचे, तो वह मुंह ढककर रोने का नाटक करती रही। हालांकि, पुलिस की सख्ती और विरोधाभासी बयानों ने उसकी पोल खोल दी।

एक हफ्ते से घर में नहीं मिल रहा था खाना

मृतक की चाची इस्तकीन के अनुसार, ईद (21 मार्च) के दिन से ही पति-पत्नी के बीच विवाद चरम पर था। रूही ने मेहराज के साथ रहने से साफ इनकार कर दिया था। आलम यह था कि पिछले सात दिनों से घर में चूल्हा तो जल रहा था, लेकिन मेहराज के लिए खाना नहीं बनता था। बेबस पति अपने रिश्तेदारों और कुनबे के अन्य घरों में जाकर खाना खाने को मजबूर था।

पुलिस की कार्रवाई: हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार तिवारी ने बताया कि आरोपी रूही, प्रेमी फरमान और सहयोगी अदनान को गिरफ्तार कर लिया गया है। उनकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किए गए दो चाकू और लूटे गए मोबाइल बरामद कर लिए गए हैं। तीनों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।

Check Also

मौसम का तांडव: आंधी-बारिश और आसमानी बिजली ने ली 32 जानें, कहीं गिरे ओले तो कहीं टूटा ग्लेशियर; जानें अगले 48 घंटे का अलर्ट

नई दिल्ली। उत्तर भारत से लेकर दक्षिण भारत तक मौसम के बदले मिजाज ने भारी …