Friday , 29 May 2026

झांसी में एमपी के ‘हार्ड क्रिमिनल्स’ का आतंक खत्म: एनकाउंटर के बाद दो गिरफ्तार, 6 लाख का माल बरामद

झांसी: मध्य प्रदेश से आकर उत्तर प्रदेश की सीमा में वारदातों को अंजाम देने वाले शातिर अपराधियों के खिलाफ झांसी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। कोतवाली पुलिस ने एक मुठभेड़ के बाद दो ऐसे ‘हार्ड क्रिमिनल्स’ को धर दबोचा है, जो सीमा पार कर झांसी में चोरी और लूट की घटनाओं को अंजाम देते थे। पुलिस ने इनके पास से करीब 6 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात और अवैध हथियार बरामद किए हैं। हालांकि, इनका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा।

रात के अंधेरे में पुलिस पर फायरिंग, फिर दबोचे गए बदमाश

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) बीबीजीटीएस मूर्ति के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे धरपकड़ अभियान के दौरान यह सफलता मिली। कोतवाली प्रभारी विद्या सागर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीमें नगरिया कुआं क्षेत्र में चेकिंग कर रही थीं, तभी बाइक सवार तीन संदिग्धों ने पुलिस को देखकर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी मोर्चा संभाला और घेराबंदी कर दो बदमाशों को दबोच लिया। पूछताछ में बदमाशों ने स्वीकार किया कि वे शहर में फिर से किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे।

सूने मकानों को बनाते थे निशाना, मेवातीपुरा चोरी का खुलासा

पकड़े गए बदमाशों ने कोतवाली क्षेत्र के मेवातीपुरा में हुई बड़ी चोरी सहित दो घटनाओं को कबूल किया है। बीते 11 मार्च को मेवातीपुरा निवासी उमा वर्मा अपने परिवार के साथ जालौन एक बारात में गई थीं। सूना घर देखकर इन बदमाशों ने ताले तोड़कर लाखों के जेवरात और नकदी पार कर दी थी। पुलिस ने इनकी निशानदेही पर चोरी गया लगभग सारा माल बरामद कर लिया है, जिसकी कुल कीमत 6 लाख रुपये आंकी गई है।

ग्वालियर और दतिया के रहने वाले हैं शातिर अपराधी

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान ग्वालियर (एमपी) के गणेशपुरा निवासी दीपक उर्फ संजय जाटव और दतिया के हरदौल मोहल्ला निवासी नदीम खान के रूप में हुई है। ये अपराधी अंतरराज्यीय गिरोह का हिस्सा हैं जो एमपी से आकर झांसी में वारदातें करते थे। फरार तीसरे साथी की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

बरामदगी की फेहरिस्त: जेवरात से लेकर तमंचे तक

पुलिस ने बदमाशों के पास से अपराध में इस्तेमाल सामान और चोरी का माल बरामद किया है:

  • हथियार: दो देशी तमंचे (315 बोर), जिंदा कारतूस और खोखा।

  • जेवरात: झुमकी, तोड़िया, पांजेब, लक्ष्मी-गणेश की मूर्ति, कई लेडीज अंगूठियां, बिछिया और कान के टॉप्स।

  • अन्य: 6000 रुपये नकद, मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल एक मोटरसाइकिल।

Check Also

“हम तुमसे मोहब्बत किया ठीक… अब तुम खुश रहो हमारे बिना” — सुसाइड से पहले वीडियो बनाकर आशिक ने दी जान, प्रेम प्रसंग में खौफनाक कदम

निघासन-खीरी: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले के सिंगाही थाना क्षेत्र से एक दिल दहला …