Wednesday , 5 August 2026

लखनऊ: KGMU से पुलिस को चकमा देकर भागे दुष्कर्म के आरोपी पर 25 हजार का इनाम घोषित, टीमें दे रहीं दबिश

लखनऊ। राजधानी लखनऊ के किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) से पुलिस अभिरक्षा के दौरान फरार हुए दुष्कर्म के गंभीर आरोपी हैदर अली बेग की मुश्किलें अब और बढ़ने वाली हैं। घटना के इतने दिन बीत जाने के बाद भी जब शातिर पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ा, तो पुलिस के उच्चाधिकारियों ने उस पर 25 हजार रुपये का इनामी दांव खेल दिया है। आरोपी पिछले 12 जून से लगातार पुलिस को चकमा दे रहा है, जिसकी तलाश में चौक पुलिस की दो विशेष टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ दबिश दे रही हैं।

खून की उल्टी के बाद जेल से भेजा गया था अस्पताल

जेलर ऋत्विक प्रियदर्शी से मिली जानकारी के मुताबिक, ओडिशा के बालासोर जिले के चांदीपुर गांव का रहने वाला हैदर अली बेग कोई मामूली अपराधी नहीं है। उसे सरोजनी नगर पुलिस ने पिछले साल जनवरी में दुष्कर्म, धोखाधड़ी और अन्य संगीन धाराओं के तहत गिरफ्तार कर जेल भेजा था। तब से वह जिला कारागार में बंद था। बीते 31 मई को अचानक उसे खून की उल्टी होने लगी और तबीयत बिगड़ने पर जेल अस्पताल में भर्ती कराया गया। जब हालत में कोई सुधार नहीं हुआ, तो 4 जून को पहले उसे बलरामपुर अस्पताल और फिर वहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए KGMU रेफर कर दिया गया।

चेकिंग के दौरान सामने आई पुलिसकर्मियों की बड़ी लापरवाही

KGMU में भर्ती हैदर अली बेग की चौबीसों घंटे निगरानी और सुरक्षा के लिए हेड कांस्टेबल दिनेश कुमार और धर्मेंद्र सिंह की ड्यूटी लगाई गई थी। सब कुछ ठीक चल रहा था, लेकिन 12 जून की सुबह जब बंदीरक्षक नागेश चंद्र सरोज चेकिंग के लिए पहुंचे, तो उनके होश उड़ गए। बिस्तर खाली था और आरोपी हैदर अली बेग अस्पताल से रफूचक्कर हो चुका था। आनन-फानन में ड्यूटी पर तैनात दोनों पुलिसकर्मियों ने अस्पताल परिसर और आसपास के इलाकों में काफी खोजबीन की, लेकिन शातिर का कोई सुराग नहीं मिला।

लापरवाही पर मुकदमा दर्ज, तलाश में जुटीं दो विशेष टीमें

सुरक्षा में हुई इस गंभीर चूक और लापरवाही को देखते हुए जेलर की तहरीर पर चौक कोतवाली में ड्यूटीरत हेड कांस्टेबल दिनेश कुमार और धर्मेंद्र सिंह के खिलाफ तत्काल प्रभाव से मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। चौक कोतवाली प्रभारी नागेश उपाध्याय ने बताया कि एफआईआर दर्ज करने के बाद आरोपी की जल्द से जल्द गिरफ्तारी के लिए दो विशेष टीमों का गठन किया गया है। पुलिस की टीमें लगातार उसके संभावित ठिकानों और रिश्तेदारों के यहां दबिश दे रही हैं। हालांकि, काफी मशक्कत के बाद भी जब भगोड़े का कोई सुराग नहीं लगा, तो उच्चाधिकारियों ने सख्त कदम उठाते हुए आरोपी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया है।

Check Also

कपड़े फाड़े, निजी अंग छुए…सुल्तानपुर से BJP विधायक पर महिला ने लगाया रेप की कोशिश का आरोप…बेटी के सामूहिक दुष्कर्म की धमकी देकर बुलाया, फिर….

लखनऊ/दिल्ली। उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर सीट से भारतीय जनता पार्टी (BJP) के विधायक विनोद सिंह …