Saturday , 2 May 2026

T20 World Cup 2026: भारत-पाकिस्तान महामुकाबले पर बारिश का साया? कोलंबो में 15 फरवरी को कैसा रहेगा मौसम और पिच का मिजाज

Csp24278 ind vs pak rain ians 625x300 13 February

नई दिल्ली/कोलंबो: टी-20 विश्व कप 2026 का रोमांच अपने चरम पर पहुंच चुका है। दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में नामीबिया को 93 रनों से धूल चटाने के बाद टीम इंडिया अब अपने सबसे बड़े प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से भिड़ने के लिए तैयार है। रविवार, 15 फरवरी को कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में होने वाले इस ‘मदर ऑफ ऑल बैटल्स’ को लेकर दुनिया भर के क्रिकेट फैंस की सांसें थमी हुई हैं। ग्रुप-A में दोनों टीमें 4-4 अंकों के साथ टॉप पर हैं, लेकिन नेट रन रेट के आधार पर भारत पहले और पाकिस्तान दूसरे स्थान पर है।

कोलंबो का मौसम: क्या इंद्रदेव बनेंगे खेल के विलेन?

भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले इस हाई-वोल्टेज मैच से पहले क्रिकेट प्रेमियों के लिए थोड़ी चिंताजनक खबर है। कोलंबो में फरवरी का महीना अक्सर बारिश के साये में रहता है। एक्यूवेदर की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, 13 और 14 फरवरी को शहर में भारी बारिश की आशंका है। हालांकि, मैच के दिन यानी 15 फरवरी को बारिश की संभावना घटकर 17 प्रतिशत रह जाएगी, लेकिन आसमान में घने बादल छाए रहेंगे। गनीमत यह है कि शाम के वक्त मौसम साफ रहने की उम्मीद है, जिससे पूरे मैच के होने की आस जगी हुई है।

कैसा रहेगा आर. प्रेमदासा की पिच का मिजाज?

आर. प्रेमदासा स्टेडियम की पिच अपने धीमे स्वभाव के लिए जानी जाती है। टॉस जीतने वाली टीम यहां पहले बल्लेबाजी करना पसंद कर सकती है। शुरुआती ओवरों में तेज गेंदबाजों को हल्की स्विंग मिल सकती है, लेकिन जैसे-जैसे खेल आगे बढ़ेगा, गेंद पिच पर रुककर आएगी। यह स्थिति स्पिन गेंदबाजों के लिए स्वर्ग साबित हो सकती है। बल्लेबाजों के लिए यहां बड़े शॉट्स खेलना चुनौतीपूर्ण होगा क्योंकि स्पिनर्स को काफी टर्न मिलने की उम्मीद है।

 

 

ओवर कम होने का खतरा और रिजर्व डे की पहेली

अगर रविवार को कोलंबो में इंद्रदेव मेहरबान नहीं हुए, तो फैंस को छोटा मुकाबला देखने को मिल सकता है। बारिश की स्थिति में अंपायर मैच को 15-15 ओवर का कर सकते हैं। सबसे चिंता की बात यह है कि इस ग्रुप स्टेज मैच के लिए कोई ‘रिजर्व डे’ नहीं रखा गया है। यदि भारी बारिश के कारण एक भी गेंद नहीं फेंकी जा सकी, तो दोनों टीमों को एक-एक अंक बांटना होगा, जिससे पॉइंट्स टेबल का गणित पूरी तरह बदल सकता है।

पाकिस्तान को पस्त करने के लिए भारत की संभावित प्लेइंग-11

नामीबिया पर शानदार जीत के बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव अपनी विनिंग कॉम्बिनेशन में ज्यादा बदलाव नहीं करना चाहेंगे। स्पिन की मददगार पिच को देखते हुए वाशिंगटन सुंदर को रिंकू सिंह की जगह मौका मिल सकता है।

संभावित टीम: अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, रिंकू सिंह/वाशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह।

Check Also

सरकारी नौकरी की बहार: 10वीं पास के लिए हॉस्पिटल असिस्टेंट के 1200 पदों पर भर्ती, ₹49000 तक मिलेगी सैलरी….जानें किस कैटेगरी में कितने पद

भोपाल। मध्य प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में नौकरी करने का सपना देख रहे युवाओं के …