Monday , 11 May 2026

गोरखपुर में स्पाइसजेट की महिला कर्मचारी ने दी जान: सुसाइड से पहले WhatsApp पर लगाया खौफनाक स्टेटस, कमरे में मिली लाश

गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ स्पाइसजेट एयरवेज (SpiceJet) में तैनात एक महिला कर्मचारी ने संदिग्ध परिस्थितियों में जहर खाकर आत्महत्या कर ली। रोंगटे खड़े कर देने वाली बात यह है कि आत्मघाती कदम उठाने से ठीक पहले युवती ने अपने व्हाट्सएप और इंस्टाग्राम पर स्टेटस लगाकर मौत को गले लगाने की जानकारी साझा की थी। सोमवार सुबह जब मकान मालिक ने स्टेटस देखा और कमरे पर पहुंचे, तो वहां का मंजर देखकर उनके होश उड़ गए।

WhatsApp स्टेटस देख मकान मालिक के उड़े होश

मिली जानकारी के मुताबिक, बलिया जनपद के मलिकपुर गांव की रहने वाली शिवांगी वर्मा (25) पिछले एक साल से गोरखपुर के एम्स थाना क्षेत्र के नंदानगर सैनिक कुंज मोहल्ले में किराए पर रह रही थी। वह कुशीनगर/गोरखपुर एयरपोर्ट पर स्पाइसजेट एयरवेज में बतौर सिक्योरिटी एग्जीक्यूटिव तैनात थी। सोमवार की सुबह जब उसके मकान मालिक ने शिवांगी का व्हाट्सएप स्टेटस देखा, तो उसमें लिखा था— “मैं अब और जीना नहीं चाहती, सुसाइड करने जा रही हूं।” यह पढ़ते ही मकान मालिक आनन-फानन में उसके कमरे की ओर भागे।

दरवाजा तोड़ अंदर घुसी पुलिस, बिस्तर पर बेसुध पड़ी थी शिवांगी

मकान मालिक ने कमरे का दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई हलचल नहीं हुई। अनहोनी की आशंका में तुरंत एम्स थाना पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब कमरे का दरवाजा तोड़ा, तो शिवांगी बिस्तर पर बेसुध पड़ी थी। उसे तुरंत एम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उपचार शुरू किया, लेकिन कुछ ही देर में उसकी सांसें थम गईं। शुरुआती जांच में पुलिस को अंदेशा है कि शिवांगी ने किसी जहरीले पदार्थ का सेवन किया है।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल, मोबाइल खोलेगा मौत के राज

घटना की जानकारी मिलते ही शिवांगी के परिजन बलिया से गोरखपुर पहुंच गए। चार बहनों और दो भाइयों में शिवांगी की मौत की खबर सुनते ही घर में कोहराम मच गया है। एम्स थाना प्रभारी सीपी पांडेय ने बताया कि पुलिस ने शिवांगी का मोबाइल फोन कब्जे में ले लिया है और उसकी कॉल डिटेल्स व चैट खंगाली जा रही है ताकि यह पता चल सके कि आखिर किस मानसिक तनाव या दबाव के चलते उसने इतना बड़ा कदम उठाया। फॉरेंसिक टीम ने भी कमरे से साक्ष्य जुटाए हैं।

पोस्टमार्टम के बाद शव लेकर बलिया रवाना हुए परिजन

देर शाम पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। परिजन भारी मन से बेटी का शव लेकर अपने पैतृक गांव बलिया के लिए रवाना हो गए हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह और जहर के प्रकार की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल, सोशल मीडिया पर लगाए गए उस आखिरी स्टेटस को आधार बनाकर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।

Check Also

सावधान! कहीं आपका भी इंस्टा फ्रेंड ‘सौरभ सिंह’ तो नहीं ? लखनऊ में शोएब का खौफनाक खेल, हिंदू लड़कियां थीं निशाने पर

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के सैरपुर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने …