मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां मात्र एक साल पहले हुई लव मैरिज अब हत्या की साजिश, धमकियों और कानूनी जंग में बदल गई है। जिले के सूर्योदय कॉलोनी निवासी एक पीड़ित पति ने पुलिस अधिकारियों के सामने हाथ जोड़कर सुरक्षा की गुहार लगाई है। पीड़ित का आरोप है कि उसकी पत्नी अपने प्रेमी के साथ मिलकर उसे रास्ते से हटाने की खौफनाक प्लानिंग कर रही है। पति ने हाल के दिनों में पतियों की हत्या से जुड़ी घटनाओं का हवाला देते हुए अपनी जान को गंभीर खतरा बताया है।
एक साल पहले हुई थी लव मैरिज, डिलीवरी बॉय का काम करता है पीड़ित
मामला मेरठ के मेडिकल थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, सूर्योदय कॉलोनी निवासी करण (बदला हुआ नाम) एक फूड डिलीवरी कंपनी में काम करता है। उसने 22 जून 2025 को श्वेता (बदला हुआ नाम) के साथ प्रेम विवाह (लव मैरिज) किया था। शादी के शुरुआती कुछ महीने तो सब ठीक-ठाक चला, लेकिन जल्द ही दोनों के रिश्तों में कड़वाहट और दरार आनी शुरू हो गई।
प्रेमी से बात करने पर बढ़ा विवाद, पत्नी ने दी जहर पीने की धमकी
पीड़ित पति का आरोप है कि उसकी पत्नी शादी के कुछ समय बाद ही किसी अन्य युवक के संपर्क में आ गई और उससे फोन पर घंटों बातें करने लगी। जब पति ने इसका विरोध किया और आपत्ति जताई, तो घर में आए दिन विवाद और क्लेश होने लगा। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि पत्नी घर छोड़कर चली गई और अब कथित प्रेमी के साथ मिलकर पति को जान से मारने की धमकियां दे रही है। आरोप यह भी है कि पत्नी ने खुद जहरीला पदार्थ पीकर पूरे परिवार को झूठे केस में फंसाने की कोशिश भी की।
झूठा केस, मारपीट और बाइक से भागने का आरोप
पीड़ित ने पुलिस को सौंपी शिकायत में बताया कि उसके खिलाफ पहले ही दहेज उत्पीड़न का झूठा मामला दर्ज कराया जा चुका है। आरोप है कि बीते 14 जुलाई को पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर उसके साथ जमकर मारपीट की। इसके बाद 17 जुलाई को जब पीड़ित ने अपनी पत्नी को प्रेमी के साथ बाइक पर जाते देखा और वीडियो बनाना शुरू किया, तो थोड़ी दूर जाकर दोनों का एक्सीडेंट हो गया और वे वहां से भाग निकले।
‘आजकल पतियों की हत्याएं हो रही हैं, मेरी जान बचाएं’—पुलिस में शिकायत
पीड़ित पति ने मेरठ पुलिस से निष्पक्ष जांच और सुरक्षा की मांग की है। उसने अपनी शिकायत में कहा कि दहेज का केस दर्ज होने की वजह से उसकी बात को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है, जबकि उसे अपनी जान का सख्त खतरा है। इस पूरे मामले पर मेरठ के सीओ सिविल लाइन विश्व ज्योति राय ने बताया कि युवक की ओर से प्रार्थना पत्र प्राप्त हुआ है। मेडिकल थाना पुलिस को मामले की विस्तृत जांच सौंपी गई है और दोनों पक्षों से पूछताछ के बाद वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
voice of india
