Wednesday , 22 April 2026

मिडिल ईस्ट में महायुद्ध के संकेत! स्ट्रेट ऑफ होर्मुज बंद होने से कच्चे तेल में लगी आग, $100 की ओर बढ़ा ब्रेंट क्रूड, ट्रंप की कार्रवाई से भड़का ईरान

न्यूयॉर्क/तेहरान: मिडिल ईस्ट में जारी तनाव अब एक ऐसे मोड़ पर पहुंच गया है जिसने पूरी दुनिया की अर्थव्यवस्था की धड़कनें बढ़ा दी हैं। सोमवार को ग्लोबल ऑयल मार्केट में उस वक्त हड़कंप मच गया जब दुनिया की ‘एनर्जी लाइफलाइन’ कहे जाने वाले स्ट्रेट ऑफ होर्मुज (Strait of Hormuz) के लगभग बंद होने की खबरें आईं। अमेरिका और ईरान के बीच समुद्र में हुई सीधी सैन्य भिड़ंत के बाद कच्चे तेल की कीमतों में जबरदस्त उछाल देखा जा रहा है। सप्लाई रुकने के डर से ट्रेडर्स के बीच अफरा-तफरी का माहौल है।

WTI और ब्रेंट क्रूड में भारी उछाल: आसमान छूने लगीं कीमतें

वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतों ने सोमवार को सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। अमेरिकी बेंचमार्क WTI क्रूड की कीमत में 7.5% की भारी बढ़त दर्ज की गई, जिससे यह 90.17 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। वहीं, अंतरराष्ट्रीय बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड भी पीछे नहीं रहा और 6.5% की तेजी के साथ 96.27 डॉलर प्रति बैरल के स्तर को पार कर गया। बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि अगर तनाव कम नहीं हुआ तो कच्चा तेल जल्द ही 100 डॉलर का आंकड़ा पार कर सकता है।

ट्रंप का बड़ा खुलासा: अमेरिकी मिसाइल से ईरानी जहाज पर हमला

तनाव की शुरुआत तब हुई जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पर एक चौंकाने वाली जानकारी साझा की। ट्रंप के मुताबिक, अमेरिकी चेतावनी को नजरअंदाज करने वाले ईरानी जहाज ‘टुस्का’ (Touska) को अमेरिकी गाइडेड मिसाइल डेस्ट्रॉयर USS Spruance ने निशाना बनाया। ट्रंप ने बताया कि मिसाइल से जहाज के इंजन रूम पर हमला कर उसे बीच समुद्र में रोक दिया गया। फिलहाल, अमेरिकी मरीन ने जहाज को अपने कब्जे में ले लिया है और उसमें लदे सामान की सघन जांच की जा रही है।

ईरान का पलटवार: ‘अमेरिका ने तोड़ा सीजफायर, भुगतना होगा अंजाम’

इस सैन्य कार्रवाई के बाद ईरान आगबबूला है। ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी (IRNA) के मुताबिक, उनके मुख्य युद्ध कमांड सेंटर Khatam Al-Anbiya ने बयान जारी कर अमेरिका पर 8 अप्रैल से लागू सीजफायर के उल्लंघन का आरोप लगाया है। ईरान का दावा है कि अमेरिका ने गल्फ ऑफ ओमान में उनके कार्गो जहाज पर फायरिंग कर युद्ध को न्योता दिया है। ईरान ने साफ चेतावनी दी है कि वह इस ‘अमेरिकी गुंडागर्दी’ का करारा जवाब देगा।

स्ट्रेट ऑफ होर्मुज ठप: दुनिया पर मंडराया ऊर्जा संकट

सबसे बड़ी चिंता की बात यह है कि अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच जारी इस जंग के कारण स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से होने वाली तेल और LNG की आवाजाही लगभग ठप हो गई है। दुनिया का 20% तेल इसी रास्ते से गुजरता है। Pepperstone के क्रिस वेस्टन के अनुसार, ट्रेडर्स अब इस बात को लेकर डरे हुए हैं कि सप्लाई कब तक सामान्य हो पाएगी। पिछले हफ्ते शांति की जो उम्मीद जगी थी, वह अब धुएं में उड़ती नजर आ रही है।

Check Also

पहलगाम नरसंहार का खौफनाक सच: महज 3000 रुपये के लिए बेची 26 जानें, NIA की चार्जशीट में ‘अली भाई’ का खौफनाक खुलासा

श्रीनगर/पहलगाम: 22 अप्रैल 2025 को पहलगाम की खूबसूरत बैसरन घाटी (मिनी स्विट्जरलैंड) में हुई आतंकी …