नई दिल्ली। वैदिक ज्योतिष में शनिदेव को कर्मफल दाता और न्यायप्रिय देवता का दर्जा दिया गया है। शनिदेव हर जातक को उसके अच्छे और बुरे कर्मों के आधार पर ही फल प्रदान करते हैं। यही वजह है कि जब भी शनि की चाल, स्थिति या राशि में कोई बदलाव होता है, तो उसका सीधा और गहरा असर सभी 12 राशियों के जीवन पर देखने को मिलता है। ज्योतिषीय पंचांग के अनुसार, 27 जुलाई 2026 को शनिदेव मीन राशि में वक्री यानी उल्टी चाल चलने जा रहे हैं। शनि की यह वक्री अवस्था 138 दिनों तक रहेगी और वे 11 दिसंबर 2026 तक इसी स्थिति में रहेंगे।
अगस्त में पूरे 30 दिन वक्री रहेंगे शनिदेव
आने वाले अगस्त के महीने में शनिदेव पूरे 30 दिन वक्री अवस्था में ही गति करेंगे। हालांकि, ग्रहों की उल्टी चाल अक्सर अनुशासन, धैर्य और सतर्कता की मांग करती है, लेकिन ज्योतिषीय गणना बताती है कि अगस्त का यह महीना 5 विशेष राशियों के लिए बेहद शुभ रहने वाला है। इन राशियों के जातकों को सौभाग्य, बड़ा आर्थिक लाभ और करियर में अपार सफलता मिलने के प्रबल योग बन रहे हैं। आइए जानते हैं वे भाग्यशाली राशियां कौन सी हैं—
मेष राशि: अटके काम होंगे पूरे, मिलेगा अधिकारियों का साथ
मेष राशि के जातकों के लिए शनि की यह उल्टी चाल कई बड़े और सकारात्मक बदलाव लेकर आएगी। यदि आपके काम लंबे समय से रुके हुए थे, तो वे अब तेजी से पूरे होने लगेंगे। कार्यस्थल पर वरिष्ठ अधिकारियों का भरपूर सहयोग मिलेगा, जिससे आपका मनोबल बढ़ेगा। नई जिम्मेदारियां मिलने के साथ ही धन लाभ के भी सुंदर अवसर प्राप्त होंगे।
वृषभ राशि: आय में बढ़ोतरी और फंसा हुआ धन मिलेगा वापस
वृषभ राशि वालों के लिए शनि का यह वक्री होना आर्थिक रूप से किसी वरदान से कम साबित नहीं होगा। इस दौरान कमाई के नए रास्ते खुलेंगे और कहीं फंसा हुआ पैसा वापस मिलने की पूरी संभावना है। अगर आप व्यापारी हैं और पूर्व में कोई बड़ा निवेश किया था, तो उससे इस अवधि में भारी मुनाफा मिल सकता है।
तुला राशि: करियर में मिलेगी तरक्की, प्रमोशन के योग
तुला राशि के जातकों को उनकी पुरानी मेहनत का मीठा फल मिलने का समय आ गया है। करियर और व्यापार में उन्नति के नए रास्ते सुगम होंगे। जो लोग लंबे समय से नौकरी में पदोन्नति या इंक्रीमेंट का इंतजार कर रहे थे, उन्हें अगस्त के महीने में कोई बड़ी खुशखबरी मिल सकती है।
वृश्चिक राशि: भाग्य का मिलेगा साथ, बढ़ेगा मान-सम्मान
वृश्चिक राशि के लोगों के लिए यह समय भाग्य में जबरदस्त वृद्धि लेकर आ रहा है। पारिवारिक या कोर्ट-कचहरी से जुड़े पुराने विवाद अब समाप्त होंगे, जिससे मानसिक शांति मिलेगी। समाज में आपका मान-सम्मान बढ़ेगा और करियर के क्षेत्र में कोई महत्वपूर्ण उपलब्धि आपके हाथ लग सकती है।
मकर राशि: बढ़ेगा आत्मविश्वास, व्यापारिक यात्राएं रहेंगी लाभदायक
शनिदेव की विशेष कृपा से मकर राशि के जातकों के आत्मविश्वास में अभूतपूर्व बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। आप अपने पराक्रम और कड़ी मेहनत के बल पर कठिन से कठिन रुके हुए कार्यों को पूरा करने में सफल रहेंगे। इस दौरान की गई व्यापारिक यात्राएं आपके लिए बेहद लाभकारी और सुखद साबित होंगी।
voice of india
