
शामली । उत्तर प्रदेश के शामली जिले स्थित कस्बा एलम में उस वक्त जोरदार हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जब उत्तराखंड के देहरादून से एक युवती अपने परिजनों के साथ ढोल-नगाड़े और हाथों में वरमाला लेकर अपने प्रेमी के घर पहुंच गई। युवती ने प्रेमी के दरवाजे पर पहुंचकर शादी करने की जिद पकड़ ली और जमकर हंगामा शुरू कर दिया। इस दौरान युवती और युवक के परिजनों के बीच काफी देर तक तीखी नोकझोंक भी हुई। दूसरी तरफ, प्रेमी अंकुश के घर में उसकी शादी की तैयारियां जोरों पर चल रही हैं और 21 नवंबर को उसकी बारात दिल्ली जानी है। हंगामे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह स्थिति को संभालते हुए युवती व उसके परिजनों को पुलिस चौकी ले आई।
2016 से चल रहा था प्रेम प्रसंग, मुकदमे के बाद दिया था शादी का झांसा
देहरादून के सहारनपुर चौक की रहने वाली युवती सोनिया ने बताया कि वह साल 2016 से कस्बा एलम निवासी अंकुश के साथ प्रेम संबंध में है। युवती का आरोप है कि अंकुश ने उसके साथ सात फेरे लेने का वादा किया था, जिसके चलते दोनों के बीच लंबे समय तक बातचीत होती रही। हालांकि, वर्ष 2019 के बाद अंकुश ने अचानक उससे किनारा कर लिया और अपना मोबाइल नंबर बदलकर संपर्क पूरी तरह तोड़ दिया। प्रेमी के इस रवैये से परेशान होकर सोनिया ने देहरादून के संबंधित थाने में अंकुश के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कराया था। सोनिया के मुताबिक, कानूनी कार्रवाई के बाद अंकुश उसके घर पहुंचा था और जल्द ही शादी करने का आश्वासन दिया था, लेकिन इसके बाद वह फिर से गायब हो गया।

दूसरी शादी की भनक लगते ही वरमाला लेकर एलम पहुंची युवती
सोनिया ने आगे बताया कि हाल ही में उसे सूत्रों से जानकारी मिली कि अंकुश परिजनों की मर्जी से किसी दूसरी युवती के साथ विवाह रचाने जा रहा है और दो दिन बाद उसकी बारात जाने वाली है। प्रेमी की बेवफाई और दूसरी शादी की भनक लगते ही सोनिया अपने परिवार के सदस्यों को साथ लेकर देहरादून से सीधे शामली के कस्बा एलम आ धमकी। सोनिया अपने साथ बकायदा वरमाला और ढोल-नगाड़े लेकर पहुंची थी। प्रेमी के घर के बाहर बैंड-बाजे के साथ प्रेमिका के पहुंचने की खबर पूरे कस्बे में आग की तरह फैल गई और मौके पर तमाशबीनों की भारी भीड़ जमा हो गई।
बीएससी पास है युवती, मर्चेंट नेवी में कार्यरत है युवक
मौके पर मौजूद लोगों के सामने ही सोनिया और अंकुश के घरवालों के बीच जमकर कहासुनी हुई। युवती किसी भी कीमत पर अंकुश से ही शादी करने की अपनी मांग पर अड़ी रही और किसी की भी बात सुनने को तैयार नहीं हुई। मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके पर पहुंची पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर किया और युवती पक्ष को समझा-बुझाकर चौकी ले गई। जानकारी के अनुसार, प्रेमिका सोनिया बीएससी (B.Sc) तक शिक्षित है, जबकि प्रेमी अंकुश मर्चेंट नेवी में नौकरी करता है। युवती का दावा है कि 21 नवंबर को अंकुश की बारात दिल्ली जानी है, जिसे रुकवाने और अपना हक पाने के लिए वह यहां आई है। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर मामले की जांच में जुटी हुई है।
voice of india