Monday , 27 July 2026

सनसनीखेज वारदात: 5 बच्चों की मां ने प्रेमी संग मिलकर ली पति की जान, भाभी-देवर का अवैध संबंध बना कत्ल की वजह, शक की सुई घूमते ही टूटी पत्नी

अजमेर। राजस्थान के अजमेर जिले से अवैध संबंधों और हैवानियत की एक ऐसी खौफनाक वारदात सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। पांच बच्चों की मां ने अपने ही देवर (प्रेमी) के साथ मिलकर अपने सुहाग का बेरहमी से कत्ल कर दिया। पुलिस के लिए शुरुआत में यह मामला एक उलझा हुआ ‘ब्लाइंड मर्डर’ नजर आ रहा था, लेकिन अजमेर पुलिस की मुस्तैदी ने महज 24 घंटे के भीतर इस खूनी साजिश का पर्दाफाश करते हुए कतली पत्नी, उसके प्रेमी और सहयोगी को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है।

पीसांगन में किसान की हत्या से मचा हड़कंप, पुलिस ने शुरू की गहन जांच

पूरा मामला अजमेर जिले के पीसांगन थाना क्षेत्र का है। 23 जुलाई 2026 की रात स्थानीय किसान मुकेश रावत की हत्या की खबर मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मृतक के बड़े भाई रमेश रावत ने तुरंत थाने पहुंचकर भाई की हत्या का मामला दर्ज कराया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पीसांगन थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम (DST) की संयुक्त टीम गठित की गई। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से मुआयना कर हर संभावित एंगल से जांच की सुई घुमा दी।

भाभी-देवर का अवैध संबंध बना कत्ल की वजह, शक की सुई घूमते ही टूटी पत्नी

जांच के दौरान जब पुलिस ने घर के सदस्यों से पूछताछ शुरू की, तो मृतक की पत्नी विमली का चाल-चलन और हाव-भाव संदिग्ध लगा। शुरुआत में तो आरोपी पत्नी पुलिस को गुमराह करने और कुछ भी बोलने से बचती रही, लेकिन जब महिला पुलिस अधिकारियों ने कड़ाई से पूछताछ की तो वह टूट गई और अपने ही पति के खून से सने हाथ बयां कर दिए। विमली ने कबूला कि उसके गांव के ही रिश्ते में देवर लगने वाले गोपाल रावत से लंबे समय से अवैध संबंध चल रहे थे।

रोज-रोज के झगड़ों से तंग आकर रची गई मौत की साजिश

पति मुकेश रावत को जब पत्नी विमली और गोपाल के अवैध संबंधों की भनक लगी, तो घर में रोज-रोज कलेश होने लगा। बात अक्सर मारपीट तक पहुंच जाती थी। पति द्वारा रोज-रोज पीटे जाने की बात जब विमली ने अपने प्रेमी गोपाल को बताई, तो दोनों ने मुकेश को रास्ते से हटाकर हमेशा के लिए अपने रास्ते का कांटा साफ करने का खौफनाक प्लान बना डाला।

बच्चों को कमरे में किया बंद, फिर गला घोंटकर उतारा मौत के घाट

जांच में हत्या की जो कड़ियां सामने आईं, वे बेहद दर्दनाक थीं। साजिश के तहत वारदात वाली रात विमली ने अपने प्रेमी गोपाल और उसके एक साथी राजेश को चुपके से घर बुला लिया। उस वक्त घर में मौजूद मासूम बच्चों को दूसरे कमरे में बंद कर दिया गया ताकि वे कुछ देख न सकें। इसके बाद तीनों आरोपी मुकेश के कमरे में दाखिल हुए। पत्नी विमली और प्रेमी गोपाल ने मुकेश के हाथ-पैर मजबूती से पकड़ लिए। चिल्लाने की आवाज बाहर न जाए, इसलिए राजेश ने मुकेश का मुंह जोर से दबाया और गला घोंटकर उसकी जीवनलीला समाप्त कर दी।

24 घंटे में केस का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार

अजमेर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या की आरोपी पत्नी विमली, उसके प्रेमी देवर गोपाल रावत और हत्या में शामिल साथी राजेश को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब तीनों से गहन पूछताछ कर रही है ताकि वारदात में इस्तेमाल अन्य साक्ष्यों को बरामद किया जा सके। 24 घंटे के भीतर इस पेचीदा मर्डर मिस्ट्री को सुलझाने पर स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस की कार्यप्रणाली की सराहना की है।

Check Also

अर्शदीप सिंह ने गर्लफ्रेंड समरीन कौर के साथ किया रिश्ता ऑफिशियल, जानिए कौन हैं फेमिना मिस इंडिया फाइनलिस्ट और एक्ट्रेस

भारतीय क्रिकेट टीम के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने अपनी पर्सनल लाइफ …