उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले से एक खौफनाक और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। थाना जैत कोतवाली क्षेत्र के धोरेरा (धरौरा) गांव के जंगल में आगरा-दिल्ली राजमार्ग के किनारे एक फिजियोथैरेपी छात्र का शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान नीमगांव निवासी विपिन के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि विपिन को इंस्टाग्राम पर एक मैसेज भेजकर बुलाया गया था, जिसके बाद उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
दोस्त से मिलने की बात कहकर निकला था घर से, दोपहर में मिली मौत की खबर
जानकारी के मुताबिक, नीमगांव (थाना हाईवे, मथुरा) का रहने वाला विपिन फिजियोथैरेपी का छात्र था। बुधवार सुबह वह अपने परिजनों से दोस्त के घर जाने की बात कहकर निकला था। परिजन इंतजार ही कर रहे थे कि दोपहर बाद धोरेरा के जंगलों में एक युवक का शव मिलने की खबर आई। जब परिजनों ने मौके पर जाकर देखा तो वह विपिन ही था। विपिन के शरीर पर गंभीर चोटों के कई निशान मिले हैं, जिससे साफ अंदाजा लगाया जा रहा है कि उसके साथ पहले मारपीट की गई और फिर निर्मम हत्या कर शव को झाड़ियों में फेंक दिया गया।
![]()
इंस्टाग्राम मैसेज का जाल! ऑन-स्क्रीन चैट से खुलेंगे राज?
पुलिस की प्राथमिक तहकीकात में यह बात सामने आई है कि विपिन को किसी अज्ञात व्यक्ति ने इंस्टाग्राम (Instagram) पर मैसेज करके मिलने के लिए बुलाया था। सोशल मीडिया के इस मैसेज के मिलने के बाद ही विपिन घर से निकला और फिर वापस जिंदा नहीं लौटा। पुलिस अब विपिन के सोशल मीडिया अकाउंट्स, कॉल डिटेल्स और साइबर सेल की मदद से उस संदिग्ध प्रोफाइल की तलाश में जुटी है जिसने उसे मैसेज भेजा था।
शव को भेजा गया पोस्टमार्टम, पुलिस ने शुरू की विधिक कार्रवाई
हादसे की सूचना पर पहुंचे सीओ सदर वरुण कुमार और जैत कोतवाली पुलिस ने घटनास्थल का बारीक निरीक्षण किया और फोरेंसिक साक्ष्य जुटाए। सीओ सदर ने बताया:
“जैत क्षेत्र के धरौरा जंगल में युवक का शव मिलने की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। मृतक की पहचान विपिन के रूप में हुई है। शरीर पर चोट के निशान हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।”
voice of india
