
गोड्डा। झारखंड के गोड्डा जिले स्थित ललमटिया थाना क्षेत्र के डहुआ गांव में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां खेत से 12 वर्षीय किशोरी का सिर कटा शव मिलने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया। इस नृशंस हत्याकांड की साजिश रचने और अंजाम देने वाला कोई और नहीं, बल्कि मृतका का सगा बहनोई ही निकला। आरोपी ने पारिवारिक विवाद का बदला लेने के लिए अपनी मासूम साली को मौत के घाट उतार दिया था।
खेत में पड़ा मिला था सिर कटा शव, इलाके में फैली दहशत
घटना की जानकारी देते हुए महागामा एसडीपीओ वरुण रजक ने बताया कि 5 नवंबर की सुबह ग्रामीणों ने डहुआ गांव के बाहर खेत में एक किशोरी का क्षत-विक्षत और सिर कटा शव देखा। ग्रामीणों की सूचना पर ललमटिया थाना पुलिस दल-बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंची। जांच के दौरान शव की शिनाख्त गांव के ही तलवा मरांडी की 12 वर्षीय पुत्री सोना मुनी मरांडी उर्फ नीतू मरांडी के रूप में हुई। मृतका के पिता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
एसआईटी का गठन, आधा किलोमीटर दूर धान के खेत से मिला सिर
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए गोड्डा एसपी के निर्देश पर महागामा एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय इनपुट के आधार पर सघन छानबीन शुरू की। इस दौरान घटनास्थल से करीब आधा किलोमीटर दूर एक धान के खेत से किशोरी का कटा हुआ सिर भी बरामद कर लिया गया। साक्ष्यों के विश्लेषण के बाद पुलिस का शक मृतका के बहनोई मनोज मुर्मू पर गहराया, जिसके बाद उसे तत्काल हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
मंझली साली से था पुराना विवाद, छोटी साली पर उतारा गुस्सा
कड़ाई से की गई पूछताछ में आरोपी मनोज मुर्मू टूट गया और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी का मृतका की मंझली बहन सोजा मरांडी के साथ पिछले दो-तीन वर्षों से गंभीर पारिवारिक विवाद चल रहा था। इसी रंजिश की आग में जल रहे आरोपी ने बदला लेने के लिए परिवार की सबसे छोटी बेटी नीतू को अपना शिकार बनाया। 4 नवंबर की देर रात आरोपी ने सुनसान जगह पर धारदार हथियार से मासूम नीतू की हत्या की और पहचान छिपाने व दहशत फैलाने के इरादे से सिर धड़ से अलग कर दिया। इसके बाद उसने धड़ को गांव के बाहर और सिर को दूर खेत में फेंक दिया था।
वारदात में प्रयुक्त हथियार और कपड़े बरामद, आरोपी जेल रवाना
एसआईटी ने आरोपी मनोज मुर्मू की निशानदेही पर कत्ल में इस्तेमाल किया गया धारदार हथियार (दबिया), उसकी साइकिल, मोबाइल फोन और घटना के वक्त पहने गए कपड़े बरामद कर लिए हैं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर संबंधित धाराओं के तहत न्यायिक हिरासत में जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और 24 घंटे के भीतर जघन्य हत्याकांड के खुलासे की स्थानीय लोग सराहना कर रहे हैं।
voice of india