मुंबई/मीरा रोड। मुंबई से सटे मीरा रोड इलाके में दो हिंदू सुरक्षा गार्डों पर हुए जानलेवा हमले ने सुरक्षा एजेंसियों की नींद उड़ा दी है। आरोपी जैब जुबैर अंसारी (31) की गिरफ्तारी के बाद मामले में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। घटना की गंभीरता और संभावित आतंकी साजिश को देखते हुए इसकी जांच अब महाराष्ट्र एंटी टेररिज्म स्क्वाड (ATS) को सौंप दी गई है। शुरुआती जांच में आरोपी के कट्टरपंथी विचारधारा से प्रभावित होने और ‘लोन वुल्फ अटैक’ के एंगल सामने आ रहे हैं।
कलमा पढ़ने से इनकार करने पर किया हमला
यह सनसनीखेज घटना 27 अप्रैल की सुबह करीब 4 बजे मीरा रोड के नयानगर इलाके में एक निर्माणाधीन इमारत में हुई। आरोप है कि जुबैर अंसारी ने वहां तैनात दो गार्डों से पहले उनका नाम और धर्म पूछा। इसके बाद उसने उन पर ‘कलमा’ पढ़ने का दबाव बनाया। जब गार्डों ने इससे इनकार किया, तो आरोपी ने उन पर जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में राजकुमार मिश्रा नामक गार्ड गंभीर रूप से घायल हैं और अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहे हैं। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से महज डेढ़ घंटे में आरोपी को दबोच लिया।
ATS की छापेमारी: बरामद हुए ISIS से जुड़े संदिग्ध नोट्स
मामला एटीएस के पास जाते ही मुंबई, कुर्ला और मीरा रोड समेत तीन ठिकानों पर छापेमारी की गई। एटीएस सूत्रों के मुताबिक, आरोपी के घर से लैपटॉप, मोबाइल और पेन ड्राइव जैसे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के अलावा हाथ से लिखे बेहद आपत्तिजनक नोट्स मिले हैं।
-
कट्टरपंथी सामग्री: बरामद नोट्स में “ISIS”, “लोन वुल्फ”, “जिहाद” और “गाजा” जैसे शब्दों का बार-बार जिक्र है।
-
पहला कदम: एक नोट में आरोपी ने इस हमले को किसी आतंकी संगठन में शामिल होने की दिशा में अपना “पहला कदम” बताया है।
-
धमकी भरे संदेश: नोट्स में लिखा था, “लोन वुल्फ तुम पर झपटेंगे, अब से हिंद की धरती पर असली जिहाद देखोगे।”
अमेरिका से लौटा है आरोपी, घर पर पढ़ाता था केमिस्ट्री
आरोपी जुबैर अंसारी की पृष्ठभूमि भी जांच एजेंसियों को हैरान कर रही है। कुर्ला में जन्मा जुबैर साइंस ग्रेजुएट है और वह कई सालों तक अमेरिका में रह चुका है। बताया जा रहा है कि उसका परिवार अब भी अमेरिका में ही है। वहां नौकरी न मिलने के कारण वह कुछ साल पहले भारत लौट आया था और मीरा रोड में अकेला रह रहा था। वह ऑनलाइन केमिस्ट्री की क्लासेस लेता था, लेकिन इंटरनेट पर लगातार कट्टरपंथी और भड़काऊ कंटेंट देख रहा था।
‘लोन वुल्फ अटैक’ का शक, जांच में जुटी एजेंसियां
एटीएस इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि क्या जुबैर किसी अंतरराष्ट्रीय आतंकी मॉड्यूल के संपर्क में था या वह खुद ही ‘सेल्फ-रेडिकलाइज्ड’ (खुद से कट्टरपंथी बना) होकर ‘लोन वुल्फ’ हमलावर बन गया था। नयानगर पुलिस स्टेशन में हत्या के प्रयास और धार्मिक भावनाएं भड़काने समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। एटीएस अब उसके सोशल मीडिया अकाउंट्स और कॉल डिटेल्स खंगाल रही है ताकि उसके संपर्कों का पता लगाया जा सके।
voice of india
