
नई दिल्ली: देश की राजधानी और आसपास के इलाकों में आबोहवा एक बार फिर चिंताजनक स्तर पर पहुंच गई है। सर्दी की आहट के साथ ही दिल्ली-एनसीआर की हवा में जहर घुलने लगा है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के ताजा आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली के कई हिस्सों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 250 के पार दर्ज किया गया है। दूसरी तरफ, यमुना नदी की सतह पर तैरता जहरीला झाग राजधानी में बढ़ते जल और वायु प्रदूषण की भयावह तस्वीर बयां कर रहा है।
अलीपुर और नोएडा में बिगड़े हालात
राजधानी के अलीपुर इलाके में वायु गुणवत्ता सूचकांक 258 तक पहुंच चुका है, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है। इसी तरह दिल्ली टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी (DTU) परिसर में AQI 251 और आईआईटी दिल्ली क्षेत्र में 227 दर्ज हुआ है। हालांकि, कुछ इलाकों में स्थिति तुलनात्मक रूप से थोड़ी बेहतर है; बुराड़ी में सूचकांक 181 और आनंद विहार में 175 दर्ज किया गया है। दिल्ली से सटे उत्तर प्रदेश के नोएडा में हालात राजधानी से भी ज्यादा बदतर नजर आ रहे हैं। नोएडा के सेक्टर-62 में वायु गुणवत्ता सूचकांक 270 पर पहुंच गया है, जबकि सेक्टर-125 में यह आंकड़ा 212 दर्ज किया गया है।
क्या कहते हैं प्रदूषण के पैमाने?
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा तय किए गए मानकों के मुताबिक, शून्य से 50 के बीच AQI को ‘अच्छा’ माना जाता है। 51 से 100 के बीच सूचकांक ‘संतोषजनक’ और 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है। वहीं, 201 से 300 के बीच का स्तर ‘खराब’ माना जाता है, जो स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है। इसके बाद 301 से 400 तक ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच का स्तर ‘गंभीर’ या आपात श्रेणी में गिना जाता है। वर्तमान में दिल्ली-एनसीआर के अधिकांश इलाके ‘खराब’ श्रेणी के दायरे में आ चुके हैं।
कालिंदी कुंज में यमुना पर जहरीला झाग
वायु प्रदूषण के बीच शनिवार की सुबह कालिंदी कुंज के पास यमुना नदी में भारी मात्रा में सफेद और जहरीला झाग तैरता दिखाई दिया। नदी में बढ़ते अमोनिया और फॉस्फेट के स्तर की वजह से यह झाग बना है, जो हर साल इस मौसम में देखने को मिलता है। जहरीले झाग और धुंध की दोहरी मार से स्थानीय निवासियों और राहगीरों को आंखों में जलन और सांस लेने में भारी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है।
कैसा रहेगा दिल्ली-एनसीआर में मौसम का मिजाज?
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में आज आंशिक रूप से बादल छाए रहने के आसार हैं। राजधानी में अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस से 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। अधिकांश इलाकों में न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक बने रहने का अनुमान है, जबकि अधिकतम तापमान सामान्य के इर्द-गिर्द रहेगा। हवा के रुख की बात करें तो सुबह के वक्त पूर्वी दिशा से लगभग 12 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। दोपहर तक उत्तर-पूर्वी दिशा से आने वाली हवा की रफ्तार बढ़कर 20 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है, जो शाम और रात में घटकर 16 किमी प्रति घंटे पर आ जाएगी।
रविवार को भी तापमान में मामूली गिरावट के आसार
मौसम विभाग का अनुमान है कि रविवार को भी दिल्ली के आसमान में हल्के बादल डेरा डाले रहेंगे। रविवार को अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रह सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान में हल्की गिरावट के साथ पारा 17 से 19 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज होने की उम्मीद है।
voice of india