Wednesday , 29 July 2026

दिल्ली की महिलाओं को रक्षाबंधन का तोहफा: CM रेखा गुप्ता ने ‘दिल्ली लक्ष्मी योजना’ को दी मंजूरी, हर महीने मिलेंगे ₹2,500….बस करना होगा ये काम

नई दिल्ली। दिल्ली की महिलाओं के लिए रक्षाबंधन के त्योहार से ठीक पहले एक बड़ी और खुशखबरी सामने आई है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली की महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से ‘दिल्ली लक्ष्मी योजना’ को हरी झंडी दे दी है। इस योजना के तहत राजधानी की पात्र महिलाओं को हर महीने ₹2,500 की आर्थिक सहायता दी जाएगी। मंगलवार को आयोजित कैबिनेट बैठक में इस फैसले पर मुहर लगाई गई, जिसके बाद खुद मुख्यमंत्री ने इसका आधिकारिक ऐलान किया।

“बहनों से किया वादा पूरा हुआ” – CM रेखा गुप्ता

योजना की घोषणा करते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि यह दिल्ली सरकार के लिए बेहद खुशी और संतोष का दिन है। उन्होंने कहा, “हमने दिल्ली की अपनी बहनों से जो वादा किया था, आज कैबिनेट की मंजूरी के साथ उसे पूरा कर दिया गया है। यह योजना दिल्ली की महिलाओं के स्वाभिमान और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम साबित होगी।”

रक्षाबंधन पर जारी होगी ₹2,500 की पहली किस्त

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर पोस्ट साझा करते हुए लिखा कि ‘दिल्ली लक्ष्मी योजना’ के तहत ₹2,500 की पहली किस्त रक्षाबंधन के पावन पर्व पर सीधे पात्र महिलाओं के खातों में जारी की जाएगी।

उन्होंने आगे लिखा, “हर महीने मिलने वाली यह वित्तीय सहायता किसी मां की दवाओं का सहारा बनेगी, किसी बेटी की शिक्षा को पंख देगी और कई परिवारों के दैनिक खर्चों में राहत पहुंचाएगी। यह केवल एक आर्थिक मदद नहीं, बल्कि दिल्ली की बहनों के सम्मान और आत्मविश्वास का संकल्प है।”

1 अगस्त से शुरू होगा ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन

योजना के क्रियान्वयन की जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि ‘दिल्ली लक्ष्मी योजना’ का लाभ उठाने के लिए आवेदन प्रक्रिया जल्द शुरू होने जा रही है।

  • पोर्टल की शुरुआत: 1 अगस्त से योजना का आधिकारिक पोर्टल लाइव कर दिया जाएगा।

  • आवेदन प्रक्रिया: पात्र महिलाएं 1 अगस्त से पोर्टल पर जाकर अपना रजिस्ट्रेशन करा सकेंगी।

  • सत्यापन और भुगतान: आवेदन की प्रक्रिया पूरी होते ही रक्षाबंधन के अवसर पर पहली किस्त लाभार्थियों के बैंक खातों में ट्रांसफर कर दी जाएगी।

 

Check Also

केंद्र सरकार का बड़ा फैसला: अब ‘एक अफसर, एक ही सरकारी गाड़ी’, अतिरिक्त प्रभार होने पर भी नहीं मिलेगी दूसरी कार. ..!

नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने सरकारी गाड़ियों के गलत इस्तेमाल को रोकने और सरकारी खजाने …