प्रयागराज। संगम नगरी में माफिया अतीक अहमद के गुर्गों और करीबियों पर पुलिस का चौतरफा प्रहार जारी है। करेली थाना क्षेत्र में हुए चर्चित इरफान हत्याकांड में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फरार चल रहे दो मुख्य आरोपियों पर इनाम की घोषणा कर दी है। माफिया अतीक के करीबी माने जाने वाले आसिफ दुर्रानी और उसके भाई राशिद दुर्रानी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है।
प्रॉपर्टी विवाद में सरेआम हुई थी इरफान की हत्या
करेली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले इलाके में पिछले दिनों 55 वर्षीय इरफान पुत्र लाल मोहम्मद की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस दुस्साहसिक वारदात के पीछे करोड़ों की कीमती जमीन का विवाद बताया जा रहा है। पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि माफिया अतीक के संरक्षण में फलने-फूलने वाले दुर्रानी भाइयों का मृतक इरफान के साथ लंबे समय से प्रॉपर्टी को लेकर रंजिश चल रही थी। इसी रंजिश के चलते घटना वाले दिन घात लगाकर इरफान पर हमला किया गया और उन्हें मौत के घाट उतार दिया गया।
पुलिस की टीमें दे रही हैं दबिश, अब तक नहीं लगा सुराग
हत्याकांड के बाद से ही आसिफ और राशिद दुर्रानी अंडरग्राउंड हो गए हैं। मृतक के भतीजे सुफियान की तहरीर पर पुलिस ने करेली थाने में नामजद मुकदमा दर्ज किया था, लेकिन कई ठिकानों पर छापेमारी के बाद भी पुलिस के हाथ खाली रहे। आरोपियों के लगातार फरार रहने और गिरफ्तारी में हो रही देरी को देखते हुए पुलिस कमिश्नरेट ने अब इन पर शिकंजा कसने के लिए इनामी राशि का दांव खेला है। पुलिस को उम्मीद है कि इनाम की घोषणा के बाद मुखबिर तंत्र सक्रिय होगा और आरोपियों की लोकेशन जल्द मिल पाएगी।
डीसीपी नगर का बयान: जल्द सलाखों के पीछे होंगे आरोपी
इस पूरे मामले पर पुलिस उपायुक्त (नगर) मनीष कुमार शांडिल्य ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने बताया कि दोनों आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस की कई विशेष टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए उन पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। पुलिस का कहना है कि दुर्रानी भाइयों की तलाश में सर्विलांस और क्राइम ब्रांच की टीमें भी जुटी हुई हैं और बहुत जल्द दोनों कानून की गिरफ्त में होंगे।
voice of india
