
इंफाल/नई दिल्ली। मणिपुर के चंदेल जिले में जहरीली शराब पीने से 15 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई है, जबकि 600 से अधिक पीड़ित राज्य के अलग-अलग अस्पतालों में जिंदगी की जंग लड़ रहे हैं। भर्ती मरीजों में से 3 की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। इस भीषण त्रासदी ने एक बार फिर देशभर में फल-फूल रहे अवैध और जहरीली शराब के काले कारोबार तथा उससे होने वाली अकाल मौतों के भयावह आंकड़ों को उजागर कर दिया है। साल 2026 के ताजा आंकड़ों पर गौर करें, तो देश के छह प्रमुख राज्यों में जहरीली शराब के सेवन से अब तक कुल 126 लोगों की जान जा चुकी है, जिसमें सबसे अधिक 51 मौतें अकेले मध्य प्रदेश में दर्ज की गई हैं।
साल 2026 में जहरीली शराब की चपेट में आकर जान गंवाने वालों का राष्ट्रीय आंकड़ा 120 के पार पहुंच चुका है। उपलब्ध आंकड़ों के विश्लेषण से यह चौंकाने वाली हकीकत सामने आई है कि जिन राज्यों में पूर्ण या आंशिक शराबबंदी लागू है, वहां भी चोरी-छिपे चल रहा अवैध व जहरीली शराब का जाल लोगों की जिंदगी लील रहा है। राज्यवार मौतों की बात करें तो साल 2026 में अब तक मध्य प्रदेश में 51, महाराष्ट्र में 22, नागालैंड में 19, मणिपुर में 16, गुजरात में 13 और बिहार में 5 लोगों की मौत जहरीली शराब पीने से हुई है, जिससे कुल मौतों का आंकड़ा 126 तक पहुंच गया है।
मणिपुर में कहां से आई जहरीली शराब? मेथनॉल मिलाने की आशंका, 10 गिरफ्तार
स्थानीय निवासियों के अनुसार, पिछले दो से तीन दिनों के भीतर शराब पीने के तुरंत बाद लोगों की तबीयत अचानक बिगड़ने का सिलसिला शुरू हुआ था। पुलिस की शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि प्रभावित लोगों ने यह जानलेवा शराब मणिपुर के काकचिंग जिले के सुगनू इलाके से खरीदी थी। प्रारंभिक फॉरेंसिक और पुलिस जांच में शराब को ज्यादा नशीला बनाने के लिए उसमें खतरनाक मेथनॉल मिलाए जाने की प्रबल आशंका जताई गई है।
इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अब तक करीब 10 संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि चंदेल जिले में स्थानीय स्तर पर अवैध शराब की भट्ठियां चलने या शराब बनाए जाने की कोई सूचना नहीं मिली है, जिससे यह आशंका और पुख्ता हो गई है कि किसी दूसरे इलाके से जहरीली शराब तैयार कर यहां लाकर बेची गई थी। फिलहाल पुलिस मुख्य सप्लायरों और इस पूरे सिंडिकेट से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
मणिपुर में आंशिक शराबबंदी: 4 जिलों में पाबंदी, इन क्षेत्रों में बिक्री की अनुमति
गौरतलब है कि मणिपुर के चार प्रमुख जिलों— इम्फाल ईस्ट, इम्फाल वेस्ट, थौबल और बिष्णुपुर में शराबबंदी लागू है। हालांकि, राज्य सरकार द्वारा 6 दिसंबर 2023 को जारी की गई एक अधिसूचना के तहत ग्रेटर इम्फाल क्षेत्र, सभी जिलों के मुख्यालयों, प्रमुख पर्यटन स्थलों और कम से कम 20 कमरों वाले होटलों में शराबबंदी कानून में ढील देते हुए शराब की बिक्री की अनुमति प्रदान की गई थी।
देश के इन राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में शराब पीने पर है पाबंदी
वर्तमान में भारत के जिन राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में पूर्ण या आंशिक रूप से शराबबंदी कानून लागू है, उनमें गुजरात, बिहार, नागालैंड, लक्षद्वीप, सिक्किम, मिजोरम, त्रिपुरा और मणिपुर (चुनिंदा जिलों में) के नाम शामिल हैं। इसके बावजूद अवैध शराब की तस्करी और मिलावट का कारोबार प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है।
voice of india