Saturday , 28 November 2026

पीलीभीत वोटर लिस्ट धांधली : चुनाव आयोग के सख्त रुख के बाद योगी सरकार का बड़ा एक्शन, दो PCS अधिकारी सस्पेंड, BNS की धारा 198 के तहत होगी कार्रवाई

पीलीभीत/लखनऊ। उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले की मतदाता सूची (वोटर लिस्ट) में सामने आई कथित अनियमितताओं के मामले में शासन ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की है। भारत निर्वाचन आयोग (ECI) के सख्त निर्देशों के बाद योगी सरकार के नियुक्ति विभाग ने दो वरिष्ठ पीसीएस (PCS) अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबित किए गए अधिकारियों में हेमंत कुमार चौधरी और मयंक गोस्वामी शामिल हैं, जो पीलीभीत में उप जिलाधिकारी (SDM) और निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ERO) के महत्वपूर्ण पद पर तैनात रहे थे। शासन ने इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और गहन जांच मुरादाबाद के मंडलायुक्त को सौंप दी है।

बिना चुनाव आयोग की मंजूरी के बहाल नहीं हो सकेंगे दोनों अधिकारी इस पूरे विवाद में भारत निर्वाचन आयोग ने बेहद कड़ा रुख अपनाया था। बीते 31 अक्टूबर को उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) को भेजे गए एक आधिकारिक पत्र में आयोग ने स्पष्ट निर्देश दिए थे कि ईआरओ मयंक गोस्वामी और हेमंत चौधरी को अविलंब निलंबित किया जाए। आयोग ने यह भी आदेश दिया है कि इन दोनों अधिकारियों के खिलाफ तैयार की जाने वाली चार्जशीट समीक्षा के लिए निर्वाचन आयोग को भेजी जाए। नियमों के तहत, अब आयोग की पूर्व मंजूरी के बिना इन दोनों अधिकारियों को बहाल नहीं किया जा सकेगा। इसके अतिरिक्त, यदि भविष्य में अधिकारियों के लिखित स्पष्टीकरण के आधार पर अनुशासनात्मक कार्यवाही को समाप्त करने पर कोई विचार किया जाता है, तो उससे पहले भी संबंधित विभाग को चुनाव आयोग से अनिवार्य रूप से परामर्श लेना होगा।

एफआईआर में जुड़ेगी भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 198 प्रशासनिक निलंबन के साथ-साथ इस मामले में कानूनी शिकंजा भी कस दिया गया है। चुनाव आयोग ने निर्देशित किया था कि दोनों निलंबित पीसीएस अधिकारियों और मतदाता पंजीकरण केंद्र के कंप्यूटर ऑपरेटर अनिल कुमार के खिलाफ पहले से दर्ज प्राथमिकी (FIR) में भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 198 को भी शामिल किया जाए। आयोग ने स्पष्ट किया है कि चुनावी प्रक्रिया की शुचिता से खिलवाड़ करने वाले ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की ढिलाई न बरती जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

विपक्ष के आरोपों और पोर्टल आईडी के दुरुपयोग से गरमाया था मामला पीलीभीत की मतदाता सूची में हेरफेर का यह मामला तब सुर्खियों में आया था, जब मुख्य विपक्षी दलों—कांग्रेस और समाजवादी पार्टी ने सूची में बड़े पैमाने पर अनियमितता बरते जाने के गंभीर आरोप लगाए थे। इस बीच, पीलीभीत के मतदाता पंजीकरण केंद्रों पर लॉगिन क्रेडेंशियल्स के कथित दुरुपयोग की शिकायतें भी सामने आई थीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने पहले ही प्रदेश के सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को कड़े निर्देश जारी किए थे कि राज्य भर के मतदाता पंजीकरण केंद्रों पर तैनात कंप्यूटर सहायकों की ‘ईसीआईनेट’ (ECINET) पोर्टल आईडी को तत्काल निष्क्रिय कर दिया जाए।

 

Check Also

IPL: दोबारा मुंबई इंडियंस का कप्तान नहीं बनना चाहते थे रोहित शर्मा! आकाश अंबानी के एक फोन कॉल और इस खास वजह ने बदल दिया हिटमैन का फैसला

मुंबई: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के आगामी सीजन से पहले तीन साल बाद एक बार …