
हैदराबाद। तेलुगू सिनेमा के ‘पावर स्टार’ और आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण की निजी जिंदगी को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। 55 वर्ष की उम्र में पवन कल्याण की तीसरी शादी भी टूट गई है। उन्होंने अपनी रूसी मूल की पत्नी अन्ना लेझनेवा के साथ 13 साल के वैवाहिक रिश्ते को खत्म करने का फैसला किया है। दोनों ने एक संयुक्त बयान (जॉइंट स्टेटमेंट) जारी कर आपसी सहमति से अलग होने की आधिकारिक पुष्टि की है। इस फैसले के सामने आते ही सोशल मीडिया से लेकर सियासी गलियारों तक हलचल मच गई है, साथ ही पवन कल्याण का वह पुराना बयान भी चर्चा में आ गया है जिसमें उन्होंने अपनी असफल शादियों को ‘दर्द’ बताया था।
संयुक्त बयान में बच्चों की परवरिश पर जोर
पवन कल्याण और अन्ना लेझनेवा ने संयुक्त बयान जारी करते हुए साफ किया कि शादी भले ही खत्म हो गई हो, लेकिन दोनों के बीच आपसी सम्मान बना रहेगा। उन्होंने कहा, ‘जीवन का एक लंबा और खूबसूरत सफर साथ बिताने के बाद हमने आपसी समझ और सम्मान के साथ अलग होने का निर्णय लिया है। हमारा वैवाहिक रिश्ता समाप्त हो गया है, मगर हम आजीवन अच्छे दोस्त रहेंगे और अपने प्यारे बच्चों के प्रति समर्पित माता-पिता की भूमिका निभाते रहेंगे। हमारे बच्चों की खुशी और भलाई हमेशा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।’ दोनों ने आगे कहा कि जीवन के इस कठिन बदलाव के दौर में वे जनता और मीडिया से अपनी निजता (प्राइवेसी) का सम्मान करने की उम्मीद करते हैं।
‘तीन मार’ के सेट पर शुरू हुई थी प्रेम कहानी
अन्ना लेझनेवा रूसी नागरिक हैं और साल 2011 में फिल्म ‘तीन मार’ की शूटिंग के दौरान उनकी मुलाकात पवन कल्याण से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों की दोस्ती प्यार में बदली और साल 2013 में दोनों ने विवाह कर लिया। इस शादी से उनके दो बच्चे हैं—बेटी पोलेना अंजना पवनोवा और बेटा मार्क शंकर पवनोविच। शादी के 13 साल बाद अब दोनों ने आधिकारिक रूप से अपनी राहें अलग कर ली हैं।
पहले भी दो बार टूट चुका है पवन कल्याण का रिश्ता
पवन कल्याण की निजी जिंदगी हमेशा चर्चाओं में रही है। उन्होंने पहली शादी साल 1997 में नंदिनी से की थी, जो एक अरेंज मैरिज थी। आपसी तालमेल न बैठने के चलते साल 2008 में दोनों का कानूनी रूप से तलाक हो गया। इसके बाद पवन कल्याण ने अपनी सह-कलाकार रेणु देसाई से शादी की, जिनसे उनके दो बच्चे हैं। हालांकि, यह रिश्ता भी लंबा नहीं चल सका और साल 2012 में दोनों अलग हो गए। इसके अगले ही साल 2013 में उन्होंने अन्ना लेझनेवा से तीसरी शादी रचाई थी।
आलोचनाओं पर छलका था दर्द: ‘शादियों से मिला सिर्फ दर्द, कोई गिल्ट नहीं’
तीसरी शादी टूटने के बाद नंदमुरी बालकृष्ण के प्रसिद्ध टॉक शो ‘अनस्टॉपेबल विद एनबीके’ में दिए गए पवन कल्याण के पुराने इंटरव्यू की चर्चा फिर तेज हो गई है। शो में उन्होंने शादियों को लेकर विरोधियों की आलोचनाओं पर खुलकर जवाब दिया था। उन्होंने कहा था, ‘मेरी पहली शादी नंदिनी के साथ पारंपरिक थी और बड़ों ने तय की थी, लेकिन चीजें सही नहीं रहीं। दूसरी बार रेणु देसाई के साथ भी वैचारिक मतभेद रहे। लोग बार-बार मेरी तीन शादियों का ताना देते हैं, लेकिन मैंने तीनों से एक साथ शादी नहीं की और न ही एक घर में रखा। जब एक रिश्ता नहीं चला, तब दूसरा कदम उठाना पड़ा। यह कोई शौक या आकर्षण नहीं था, बल्कि हालात ऐसे बने। इन टूटे रिश्तों से मुझे सिर्फ और सिर्फ दर्द मिला है।’ पवन ने यह भी कहा था कि एक राजनेता होने के नाते लोग इसे आलोचना का हथियार बनाते हैं, लेकिन उनके दिल में कोई पछतावा या गिल्ट नहीं है क्योंकि उनकी जिंदगी खुली किताब की तरह सबके सामने रही है।
वर्कफ्रंट: फिल्मों में जारी है पावर स्टार का जलवा
उपमुख्यमंत्री के रूप में राजनीतिक जिम्मेदारियों के साथ-साथ पवन कल्याण का फिल्मी सफर भी जारी है। हाल ही में उनकी बहुचर्चित फिल्म ‘उस्ताद भगत सिंह’ 19 मार्च 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी, जिसे दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला। इससे पहले रिलीज हुई ‘दे कॉल हिम ओजी’ ने भी बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया था। अब फैंस को निर्देशक सुरेंद्र रेड्डी की अगली फिल्म और मोस्ट अवेटेड ‘ओजी 2’ का बेसब्री से इंतजार है।
voice of india