Wednesday , 8 July 2026

एक कहानी, दो रिश्ते और खूनी अंजाम : मुंबई से गोरखपुर आई प्रेमिका का खौफनाक अंत…पति ने पत्नी के साथ मिलकर पहले पिलाई शराब, फिर….

6980cadbc83a4 up ki khabren 02033428 16x9

गोरखपुर. उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में प्यार, शादी और धोखे की एक ऐसी कहानी सामने आई है, जिसका अंत बेहद खौफनाक हुआ। मुंबई की रहने वाली 35 वर्षीय प्रिया शेट्टी की नग्न लाश सड़क किनारे मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने जब इस हत्याकांड की परतें खोलनी शुरू कीं तो एक उलझे हुए लव ट्रायंगल का खुलासा हुआ, जिसमें कातिल कोई और नहीं बल्कि प्रिया का लिव-इन पार्टनर विजय कुमार साहनी और उसकी पत्नी संध्या साहनी निकले। पुलिस ने इस दिल दहला देने वाली वारदात में शामिल पति-पत्नी और आरोपी के ससुर को गिरफ्तार कर लिया है।

एक कहानी, दो रिश्ते और खूनी अंजाम

पुलिस जांच के मुताबिक, इस कहानी की शुरुआत साल 2012 में मुंबई में हुई थी, जब विजय कुमार साहनी की मुलाकात प्रिया शेट्टी से हुई। यह मुलाकात जल्द ही प्यार में बदल गई और दोनों लिव-इन रिलेशनशिप में रहने लगे। बताया जा रहा है कि दोनों का एक 14-15 साल का बेटा भी है। सब कुछ ठीक चल रहा था, लेकिन साल 2014 में विजय के परिवार ने दबाव डालकर उसकी शादी गोरखपुर की रहने वाली संध्या साहनी से कर दी। विजय ने यह बात प्रिया से छिपाई और दोहरी जिंदगी जीने लगा। संध्या से भी विजय के तीन बच्चे हैं।

शादी का दबाव बना कत्ल की वजह

वक्त के साथ प्रिया को विजय की शादी की सच्चाई पता चल गई, जिसके बाद उसने विजय पर अपनी पत्नी संध्या को छोड़कर उससे शादी करने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर झगड़े होने लगे। कुछ दिन पहले विजय अपनी पत्नी संध्या और प्रेमिका प्रिया के साथ मुंबई से गोरखपुर आया। यहां प्रिया का शादी के लिए दबाव और बढ़ गया, जिसके बाद विजय और संध्या ने मिलकर उसे हमेशा के लिए रास्ते से हटाने का खौफनाक प्लान बना लिया।

ऐसे दिया खौफनाक वारदात को अंजाम

पुलिस के अनुसार, 29 जनवरी की रात को विजय और उसकी पत्नी संध्या ने योजना के तहत प्रिया को जमकर शराब पिलाई। जब प्रिया नशे में धुत हो गई तो दोनों ने उसके सिर पर किसी भारी चीज से हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। इसके बाद भी उनका दिल नहीं भरा तो वे लाश को स्कूटी पर लादकर पीपीगंज थाना क्षेत्र के बैरघट्टा गांव के पास सुनसान सड़क पर ले गए और फेंक दिया। उन्हें लगा कि प्रिया अभी भी जिंदा है, तो पहचान मिटाने के लिए पत्थर से उसका सिर और चेहरा बुरी तरह कुचल दिया और लाश को नग्न अवस्था में छोड़कर फरार हो गए।

अगली सुबह 30 जनवरी को जब लोग मॉर्निंग वॉक के लिए निकले तो नग्न अवस्था में महिला की लाश देखकर उनके होश उड़ गए। सूचना मिलते ही पुलिस, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंचे। पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज और टेक्निकल सर्विलांस की मदद से कुछ ही घंटों में इस अंधे कत्ल का राजफाश कर दिया और तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।


Check Also

‘अब तुम्हें विदा करना होगा..’ बहन अंशुला की शादी पर भावुक हुए अर्जुन कपूर, मंडप में मां की तस्वीर देख रो पड़े फैंस

बॉलीवुड अभिनेता अर्जुन कपूर अपनी लाडली बहन अंशुला कपूर की शादी के बाद बेहद भावुक …