
नेपाल के माउंट एवरेस्ट क्षेत्र में मंगलवार (3 नवंबर) की सुबह एक भीषण विमानन हादसा हो गया। फेरिचे हेलीपैड पर लैंडिंग के दौरान दो अलग-अलग निजी कंपनियों के हेलीकॉप्टर आपस में टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गए। इस दर्दनाक हादसे में एक भारतीय नागरिक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोग अपनी जान बचाने के लिए भागते नजर आए।
हादसे की चपेट में आए हेलीकॉप्टर नेपाल की निजी एविएशन कंपनियों ‘फिश टेल एयर’ और ‘एयर डायनेस्टी’ के थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों ही हेलीकॉप्टरों के परखच्चे उड़ गए।
लैंडिंग के दौरान हुआ जोरदार धमाका, भारतीय नागरिक की गई जान
सोलुखुम्बू जिले के पुलिस प्रमुख मौसम तमांग ने आधिकारिक पुष्टि करते हुए बताया कि मंगलवार सुबह फेरिचे हेलीपैड पर उतरने की कोशिश में दोनों चॉपर्स की सीधी भिड़ंत हुई। हादसे में फिशटेल एयर के हेलीकॉप्टर में सवार भारतीय नागरिक बसंत कुमार बालारामारामडु की जान चली गई। वहीं दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनकी पहचान भारतीय नागरिक शैलेश कृष्ण पटेल और न्यूजीलैंड के एक विदेशी नागरिक के रूप में हुई है।

हादसे के तुरंत बाद दोनों घायलों को एयरलिफ्ट कर राजधानी काठमांडू स्थित मेडिसिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में उनका सघन उपचार जारी है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ रोंगटे खड़े करने वाला वीडियो
इस भीषण दुर्घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें देखा जा सकता है कि कैसे दोनों हेलीकॉप्टर अलग-अलग दिशाओं से लैंडिंग के लिए करीब आते हैं और पलक झपकते ही दोनों में आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो जाती है। टक्कर के बाद वहां घना मलबा बिखर गया और आसपास खड़े ट्रेकर्स व स्थानीय लोगों में भगदड़ मच गई।
पायलटों की पहचान आई सामने, रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी टीमें
विमानन अधिकारियों के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त ‘फिशटेल एयर’ के चॉपर की कमान कैप्टन प्रज्ज्वल केसी संभाल रहे थे, जबकि ‘एयर डायनेस्टी’ के हेलीकॉप्टर को कैप्टन रबिंद्र प्रजापति उड़ा रहे थे। हादसे की सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव कार्य तेज कर दिया गया। मौके पर ‘सिमरिक एयर’ का एक बचाव हेलीकॉप्टर तत्काल भेजा गया, जिसने घायलों को निकालने और घटनास्थल से मलबा हटाने में मदद की। स्थानीय प्रशासन और नेपाल नागरिक उड्डयन प्राधिकरण ने घटना की तकनीकी जांच शुरू कर दी है।
voice of india