नई दिल्ली। मेडिकल प्रवेश परीक्षा ‘नीट यूजी 2026’ (NEET UG) को लेकर मचे घमासान के बीच राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने बड़ा कदम उठाया है। पेपर लीक के आरोपों के बाद रद्द हुई परीक्षा की नई तारीख का ऐलान कर दिया गया है। एनटीए के आधिकारिक बयान के मुताबिक, अब नीट यूजी 2026 की दोबारा परीक्षा 21 जून को आयोजित की जाएगी। एजेंसी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर पोस्ट साझा कर लाखों उम्मीदवारों के इंतजार को खत्म किया है।
पेपर लीक के बाद हुई उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक
गौरतलब है कि 3 मई को देशभर में आयोजित हुई इस परीक्षा में 22 लाख से ज्यादा छात्र शामिल हुए थे। लेकिन पेपर लीक की खबरों ने पूरे देश में हड़कंप मचा दिया, जिसके बाद एनटीए को परीक्षा रद्द करने का कड़ा फैसला लेना पड़ा। इस संकट के समाधान के लिए गुरुवार को केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के आवास पर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक हुई। इस हाई-प्रोफाइल मीटिंग में एनटीए के अधिकारियों और शिक्षा मंत्रालय के विशेषज्ञों ने हिस्सा लिया, जिसमें परीक्षा की सुचिता और सुरक्षा को लेकर कड़े रोडमैप पर चर्चा की गई।
नए सिरे से तैयार हो रहा है ‘गोपनीय’ प्रश्नपत्र
सूत्रों के अनुसार, एनटीए ने दोबारा होने वाली परीक्षा के लिए नए प्रश्नपत्र तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस बार सुरक्षा के घेरे को कई गुना मजबूत किया गया है। पेपर सेट करने के लिए अनुभवी शिक्षकों और विषय विशेषज्ञों की एक नई टीम गठित की गई है। बताया जा रहा है कि नया प्रश्नपत्र बेसिक थ्योरी, फॉर्मूला आधारित सवालों और विश्लेषणात्मक प्रश्नों का एक संतुलित मिश्रण होगा। विभाग की कोशिश है कि परीक्षा का कठिन स्तर (Difficulty Level) बरकरार रहे, ताकि मेधावी छात्रों के साथ न्याय हो सके।
छात्रों के लिए राहत: नहीं करना होगा दोबारा रजिस्ट्रेशन
दोबारा परीक्षा की घोषणा के बीच छात्रों के लिए एक अच्छी खबर यह है कि उन्हें फिर से आवेदन शुल्क या रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया से नहीं गुजरना होगा। जिन उम्मीदवारों ने नीट यूजी 2026 के लिए पहले सफलतापूर्वक आवेदन किया था, वे पुराने डेटा के आधार पर ही इस री-एग्जाम में बैठ सकेंगे। एनटीए जल्द ही अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर नए एडमिट कार्ड डाउनलोड करने का लिंक सक्रिय करेगा। छात्रों को सलाह दी गई है कि वे केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें।
voice of india
