वडोदरा। गुजरात के वडोदरा स्थित छाणी इलाके में एक ऐसी वारदात सामने आई है, जिसने रिश्तों पर से भरोसा उठा दिया है। यहाँ एक पत्नी ने अपने पुराने प्रेमी के साथ मिलकर पति को रास्ते से हटाने के लिए मौत का जाल बुना था। कातिलों ने पति को नहर में फेंक दिया और उसे मरा हुआ समझकर चले गए, लेकिन ‘जाको राखे साइयां, मार सके न कोय’ की कहावत सच साबित हुई। मौत के मुंह से सुरक्षित बाहर निकले पति ने अब अपनी बेवफा पत्नी और उसके साथियों को सलाखों के पीछे पहुँचा दिया है।
तीन घंटे नहर में मौत से जंग: खंभे के सहारे बची जान
घटना 15 अप्रैल की है। छाणी क्षेत्र में पान पार्लर चलाने वाले गिरीश का आरोपियों ने अपहरण कर लिया। अपहरणकर्ता उन्हें कार में डालकर घंटों शहर के अलग-अलग इलाकों में घुमाते रहे और फिर सोजित्रा के पास एक गहरी नहर में फेंक दिया। हमलावरों को यकीन था कि गिरीश अब जिंदा नहीं बचेगा, लेकिन गिरीश ने हार नहीं मानी। वह नहर के भीतर एक खंभे को पकड़कर करीब तीन घंटे तक पानी के तेज बहाव और मौत से संघर्ष करता रहा। आखिरकार, वह सुरक्षित बाहर निकलने में कामयाब रहा और सीधे पुलिस के पास पहुँचा।

बेवफा पत्नी ही निकली मास्टरमाइंड, प्रेमी के साथ मिलकर रची साजिश
पुलिस ने जब इस मामले की तकनीकी जांच और सर्विलांस शुरू किया, तो परतें खुलती चली गईं। चौंकाने वाला खुलासा यह हुआ कि गिरीश की हत्या की सुपारी किसी और ने नहीं, बल्कि उसकी अपनी पत्नी फाल्गुनी ने दी थी। जांच में सामने आया कि फाल्गुनी का शादी से पहले कौशिक शर्मा नामक युवक के साथ प्रेम संबंध था। शादी के बाद भी दोनों का अफेयर जारी रहा। दोनों एक साथ रहना चाहते थे और इस राह में गिरीश को सबसे बड़ा कांटा मान रहे थे।
चाकू की नोक पर अपहरण और लूटपाट
साजिश को अंजाम देने के लिए प्रेमी कौशिक शर्मा ने अपने अन्य साथियों को इकट्ठा किया और सुपारी देकर वारदात को अंजाम दिलवाया। घटना वाली रात आरोपियों ने गिरीश को चाकू दिखाकर डराया-धमकाया और उससे नकदी व एटीएम कार्ड भी छीन लिए थे। आरोपियों का मकसद इसे लूट के दौरान हुई हत्या का रूप देना था, लेकिन गिरीश के जिंदा बच जाने से पूरी योजना धरी की धरी रह गई।
पुलिस की बड़ी कार्रवाई: मास्टरमाइंड फाल्गुनी समेत 6 गिरफ्तार
वडोदरा पुलिस ने इस सनसनीखेज मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी पत्नी फाल्गुनी, उसके प्रेमी कौशिक शर्मा और वारदात में शामिल अन्य चार साथियों समेत कुल छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। फिलहाल सभी को जेल भेज दिया गया है और पुलिस मामले के हर तकनीकी पहलू की जांच कर रही है ताकि अदालत में पुख्ता सबूत पेश किए जा सकें।
voice of india
