Monday , 20 April 2026

वाराणसी में रिश्तों का कत्ल: कलयुगी पिता ने अपनी ही 9 साल की मासूम बेटी से मिटाई हवस, भागने की फिराक में पुलिस ने दबोचा

वाराणसी। शिव की नगरी काशी से एक ऐसी रूह कंपा देने वाली खबर सामने आई है, जिसने पिता-पुत्री के पवित्र रिश्ते को कालिख पोत दी है। चौबेपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में एक कलयुगी पिता ने शराब के नशे में धंध होकर अपनी ही नौ साल की मासूम बेटी के साथ दरिंदगी की। इस घिनौनी वारदात के बाद आरोपी शहर छोड़कर भागने की फिराक में था, लेकिन पुलिस की मुस्तैदी ने उसे सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है।

मां छत पर थी और नीचे पिता बन गया दरिंदा

दिल दहला देने वाली यह घटना 18 अप्रैल की रात करीब 10 बजे की है। बताया जा रहा है कि मासूम बच्ची घर के कमरे में सो रही थी, जबकि उसकी मां गर्मी के कारण छत पर गई हुई थी। इसी बीच आरोपी पिता शराब के नशे में धुत होकर घर पहुंचा। उसने सोती हुई मासूम बच्ची को अपनी हवस का शिकार बनाया। बच्ची के चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर जब तक मां नीचे आती, आरोपी वारदात को अंजाम दे चुका था।

मासूम ने मां को सुनाई आपबीती, फफक पड़े परिजन

जब डरी-सहमी मासूम बेटी रोती-बिलखती अपनी मां के पास पहुंची और पिता की करतूत बताई, तो मां के पैरों तले जमीन खिसक गई। मां ने इस शर्मनाक हादसे को छुपाने के बजाय हिम्मत दिखाई और तत्काल चौबेपुर पुलिस को मामले की जानकारी दी। पीड़िता कक्षा चार की छात्रा है और उसकी उम्र महज 9 साल है। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मासूम को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नरपतपुर भेजा, जहां उसका मेडिकल चेकअप कराया गया।

मुंबई भागने की फिराक में था आरोपी, स्टेशन से गिरफ्तार

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पिता को अपनी गलती का अहसास नहीं था, बल्कि वह कानून के शिकंजे से बचने की जुगत में लग गया था। वह मुंबई भागने के इरादे से रविवार सुबह सारनाथ रेलवे स्टेशन पहुंचा था। लेकिन मुखबिर की सूचना पर चौबेपुर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे ट्रेन पकड़ने से पहले ही धर दबोचा। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की पूरे क्षेत्र में सराहना हो रही है।

POCSO एक्ट के तहत दर्ज हुआ मुकदमा

प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि आरोपी पिता के खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो (POCSO) एक्ट समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि यह कृत्य न केवल कानूनी रूप से अपराध है, बल्कि सामाजिक और नैतिक रूप से भी जघन्य है। आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

Check Also

नोएडा हिंसा पर पुलिस का बड़ा एक्शन: ‘विगुल मजदूर दस्ता’ के दो सक्रिय सदस्य गिरफ्तार, मास्टरमाइंड की तलाश में जुटी टीमें

नोएडा: दिल्ली से सटे नोएडा के विभिन्न सेक्टरों में पिछले दिनों हुए मजदूरों के हिंसक …