प्रयागराज। संगम नगरी के सिविल लाइंस इलाके से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। एक नवविवाहिता ने अपने पति, ससुर और जेठ समेत ससुराल पक्ष के कई लोगों पर गंभीर आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। पीड़िता का आरोप है कि उसे न केवल शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया, बल्कि उस पर ससुर और जेठ के साथ अनैतिक संबंध बनाने का दबाव भी डाला गया। विरोध करने पर पति ने उसका अश्लील वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया।
शादी के कुछ ही दिनों बाद शुरू हुआ ‘नरक’
पीड़िता के मुताबिक, उसकी शादी 29 फरवरी 2024 को धूमधाम से हुई थी। मायके वालों ने हैसियत से बढ़कर लाखों रुपये खर्च किए, लेकिन शादी के कुछ ही दिन बीते थे कि ससुराल वालों का असली चेहरा सामने आ गया। ममफोर्डगंज स्थित ससुराल में उस पर ससुर और जेठ के साथ संबंध बनाने के लिए दबाव डाला जाने लगा। महिला का आरोप है कि एक दिन सास और ननद ने उसे जबरन पकड़ लिया, जिसके बाद ससुर और जेठ ने उसके साथ दुष्कर्म की कोशिश की। इस घिनौनी साजिश में चचिया ससुर मुन्ना भी शामिल बताया जा रहा है।
पति ने बनाया अश्लील वीडियो, करता था अप्राकृतिक कृत्य
महिला ने पुलिस को दी तहरीर में अपने पति पर भी रूह कंपा देने वाले आरोप लगाए हैं। उसका कहना है कि जब वह कपड़े बदल रही थी, तब पति ने चोरी-छिपे उसका अश्लील वीडियो बना लिया। इसके बाद उस वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर उसे मानसिक रूप से तोड़ा गया। आरोप है कि पति उसके साथ जबरन अप्राकृतिक यौन संबंध भी बनाता था। पीड़िता ने बताया कि वह लोकलाज के डर से काफी समय तक यह सब सहती रही, लेकिन ससुराल वालों का अत्याचार बढ़ता ही गया।
घर का सामान समेटा और बच्चे को छीना
घटना ने 2 अप्रैल को और भी उग्र रूप ले लिया। पीड़िता उस वक्त अपने ऑफिस में थी, तभी उसने मोबाइल ऐप के जरिए घर का सीसीटीवी फुटेज देखा। उसने देखा कि ससुराल वाले घर का कीमती सामान (फर्नीचर, टीवी, फ्रिज, वाशिंग मशीन और जेवर) गाड़ियों में लाद रहे हैं। जब वह भागकर घर पहुंची, तो आरोपियों ने उसका मोबाइल छीन लिया और उसके मासूम बच्चे को उससे अलग कर दिया। विरोध करने पर उसे जमीन पर घसीटा गया और गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की गई। इसके बाद उसे घर से बाहर निकालकर ताला जड़ दिया गया।
पुलिस की भूमिका पर सवाल और अब तक की कार्रवाई
पीड़िता ने आरोप लगाया कि घटना के समय उसने डायल 112 पर कॉल किया था, लेकिन पुलिस ने मौके पर आकर भी कोई सख्त कदम नहीं उठाया। हालांकि, अब मामला तूल पकड़ने पर सिविल लाइंस पुलिस ने पति और ससुराल पक्ष के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस उपायुक्त नगर (DCP City) मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। साक्ष्यों और जांच की रिपोर्ट के आधार पर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
voice of india
